रामपुर में हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मारी गोली Rampur News

हत्या के आरोपित को पकडऩे गई पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई ने फायरिंग कर दी। गोली पुलिस की जीप पर लगी।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Wed, 04 Dec 2019 01:11 PM (IST) Updated:Wed, 04 Dec 2019 06:02 PM (IST)
रामपुर में हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मारी गोली Rampur News
रामपुर में हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मारी गोली Rampur News

रामपुर, जेएनएन। मिलक पुलिस ने हत्या के आरोपित को गोली मार दी। आरोपित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

हत्या का है आरोप 

मिलक के खाता चिंतामन निवासी विनोद कुमार पर रविवार को गांव निवासी 65 वर्षीय वृद्ध मदनलाल को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप है। पुलिस मंगलवार की रात आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने खाते चिंतामन जा रही थी। रात के दो बजे गांव के समीप पुलिया पर विनोद और उसके भाई ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में विनोद के पैर में गोली लग गई। उसका भाई पंकज मौके से भाग गया। 

तमंचा और कारतूस बरामद 

घायल विनोद के पास से 12 बोर का एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। घायल को नगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 

यह है पूरा मामला

रविवार की शाम पांच बजे। मदनलाल गांव के बाहर जूनियर हाई स्कूल के समीप बैठे थे। इस दौरान  उनकी हत्या कर दी गई थी। वृद्ध के  पुत्र सर्वेश ने कोतवाली में गांव निवासी विनोद और उसके भाई पंकज पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से विनोद और उसका भाई पंकज फरार चल रहे थे।

कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल हुए आरोपित पर मदनलाल की हत्या का आरोप था। आरोपितपर कोतवाली में पूर्व में भी कई गंभीर आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित अपराधिक प्रवृत्ति का है। वह हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस उसको गिरफ्तार करने के लिए मंगलवार की रात गांव जा रही थी। इस पर उसने और  उसके भाई ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली पुलिस जीप पर लगी। गनीमत रही किसी भी पुलिसकर्मी  का जाल माल का नुकसान नहीं हुआ। आरोपितों को फायरिंग करता देख पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें हत्यारोपी विनोद के पैर में गोली लग गई। उसका भाई पंकज मौके से फरार हो गया। घायल विनोद के पास से एक 12 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। 

chat bot
आपका साथी