जल संरक्षण को लेकर जागरूक बनें लोग

रामपुर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से सोमवार को विश्व जल दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Mar 2021 11:54 PM (IST) Updated:Mon, 22 Mar 2021 11:54 PM (IST)
जल संरक्षण को लेकर जागरूक बनें लोग
जल संरक्षण को लेकर जागरूक बनें लोग

रामपुर : मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से सोमवार को विश्व जल दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मंच के प्रदेश संयोजक हाजी जहीर अहमद ने कहा कि मनुष्य बिना अन्न खाए तो जीवित रह सकता है, लेकिन बिना पानी के जीवन संभव नहीं है। इसलिए पानी को बर्बाद न करें, बल्कि इसे आने वाली पीढ़ी के लिए संभालकर रखें। आज जिस तरह हम लोग पानी की बर्बादी कर रहे हैं, उसी का नतीजा है कि पानी अब बोतलों में बिकने लगा है। दुनिया को पानी का महत्व समझाने के लिए विश्व जल दिवस मनाना पड़ रहा है। देश के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते और आने वाली पीढ़ी को भी पानी मिल सके, इसके लिए जल संरक्षण के महत्व को समझना होगा। हम सभी को पानी की बर्बादी रोकने के लिए प्रतिज्ञा लेने की जरूरत है।

मंच के प्रांत संयोजक फैसल मुमताज ने कहा कि सभी का छोटा प्रयास बड़ा परिणाम दे सकता है। जैसे बूंद-बूंद करके तालाब, नदी और सागर बन सकता है, उसी तरह हमारा थोड़ा प्रयास जल संरक्षण की दिशा में बड़ा परिणाम दे सकता है। इसके लिए हमें केवल अपने प्रतिदिन की गतिविधियों में कुछ सकारात्मक बदलाव करने की जरूरत है। इस्तेमाल के बाद नल ठीक से बंद कर दें। नल खुला छोड़कर नहाने के बजाय बाल्टी में पानी भरकर नहा लें। शेविग करते समय नल खुला न छोड़ें।

इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री शाह आलम, नाजिम अली, आशक अली, शिम्मी खां, गुलजार खां, सुरमिल सागर, दानिश खां आदि ने भी विचार रखे।

chat bot
आपका साथी