यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित बनाएं सफर

राष्ट्रीय संयुक्त युवा मोर्चा ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से चलाया जागरूकता अभियान

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Nov 2019 10:40 PM (IST) Updated:Sun, 17 Nov 2019 10:40 PM (IST)
यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित बनाएं सफर
यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित बनाएं सफर

जागरण संवाददाता, रामपुर : राष्ट्रीय संयुक्त युवा मोर्चा की ओर से रविवार को गांधी समाधि पर ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। बिना हेलमेट या सीट बेल्ट गुजरने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। यातायात नियमों से संबंधित पम्फलेट भी बांटे।

शिविर का शुभारंभ इंटनेशनल ह्यूमन राइट्स आर्गेनाइजेशन के सचिव अभय गुप्ता ने फीता काटकर किया। श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में प्रत्येक माह 15 लोगों की मौत सड़क हादसे में हो जाती है। इसमें ज्यादातर हादसों के शिकार दोपहिया वाहन चालक बनते हैं। हेलमेट न होने से गंभीर चोटें उनकी जान ले लेती है। दुर्भाग्य की बात है कि यातायात नियमों की पूरी जानकारी होने के बाद भी लोग इनकी अनदेखी करते हैं। लोगों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करके अपने सफर को सुरक्षित बनाएं। मोर्चा के जिला अध्यक्ष फैसल मुमताज ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क हादसों को कम किया जा सकता है। खासकर दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार बनते हैं। दरअसल, युवा पीढ़ी हेलमेट लगाने से बचती है। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो हेलमेट लेकर तो चलते हैं, लेकिन लगाते नहीं हैं। बाइक के पीछे हेलमेट बांधकर चलते हैं। सभी दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मोर्चा पिछले 14 वर्षों से अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहा है।

अभियान के दौरान यातायात प्रभारी सुमित कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि नवंबर माह यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस पूरे माह ट्रैफिक पुलिस ने स्कूलों में जाकर और वाहन चालकों की मीटिग कर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया है। यातायात नियम हमारी सुरक्षा के लिए बने हैं। इन्हें जरूर अपनाएं। इस मौके शराफत खां, शाहिद खां, राशिद खां, पीएस सागर, सूरमील सागर, मुन्ने खां, निक्की खां, हितेश अग्रवाल, शिम्मी खां, जेब खां, शादाब खां, सूरमील सागर, राजू यादव, पप्पू सिंह आदि रहे।

chat bot
आपका साथी