फिर से लौटे जंगली हाथी, आम के बाग में मचाया उत्पात

फिर से लौटे जंगली हाथी आम के बाग में मचाया उत्पात

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Jul 2019 11:34 PM (IST) Updated:Fri, 12 Jul 2019 11:34 PM (IST)
फिर से लौटे जंगली  हाथी, आम के बाग में मचाया उत्पात
फिर से लौटे जंगली हाथी, आम के बाग में मचाया उत्पात

मिलक : नेपाल से आए हाथियों ने आम के बाग में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बाग में खड़े दर्जनों पेड़ों को तहस-नहस कर दिया। हाथियों को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पाकर बरेली वन विभाग की टीम गांव पहुंची। लोगों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी और उन्हें जंगल में जाने से रोका।

नेपाल के दो हाथी वन विभाग के अधिकारियों की टेंशन कम करने की बजाय बढ़ा रहे हैं। नरखेड़ा गौटिया के जंगल में जाने के बाद रात को हाथी फिर से परचई के पास मिलक की सीमा से सटे, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मंडनपुर लौट आए। हाथियों को भगाने के लिए तरह-तरह के प्रयोग किए गए, लेकिन मानसून ने ऑपरेशन हाथियों को फेल कर दिया। विशेषज्ञों को डर इस बात का भी है कि अगर उन्हें पकड़ने के दौरान कोई घटना होती तो इसके लिए शासन उनको जिम्मेदार मानेगा। हाथियों की जान की रक्षा करते हुए खदेड़ना ही उचित होगा। गुरुवार को दोनों हाथी मिर्जापुर के जंगल शाही इलाके में पहुंच गए थे। मिर्जापुर जंगल में वन विभाग की ओर से हाथियों की लीद और गंध डाली, जिससे हाथी उस गंध से आगे बढ़ें। बरसात होने से यह योजना फेल रही। रात को हाथी फिर से वापस मंडनपुर आ गए। आम के बाग में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया और बाग में खड़े आम के पेड़ों को तहस-नहर कर दिया।

मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने बताया कि दोनों हाथी अब सही रास्ते पर जा रहे हैं। नदी के किनारे-किनारे उत्तराखंड चले जाएंगे। मंडनपुर और भैंसोड़ी शरीफ का जंगल का इलाका रामपुर और बरेली जिले की सीमा का बॉर्डर है। गांव से सटे आम के बाग की रखवाली कर रहे रिजवान अहमद ने बताया कि वह अपना बाग रखा रहा था, तभी अचानक उसे दो जंगली हाथी दिखाई दिए। हाथियों को देखकर वह वहां से भागने लगा। भागते-भागते गांव की तरफ पहुंचा और उसने गांव वालों को मामले की जानकारी दी। जंगल में दो हाथी आने की खबर सुनकर ग्रामीण जंगल की तरफ पहुंचे। दोनों जंगली हाथी बाग में बैठे हुए थे। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथियों की छानबीन की। टीम को आम के बाग में दो हाथी दिखाई दिए। डीएफओ एके कश्यप ने बताया कि लोगों को आसपास के जंगल में न जाने की सलाह दी। हाथियों को खदेड़ने के लिए लखनऊ-बदायूं-बरेलीकी टीम मौके पर पहुंची।

chat bot
आपका साथी