रामपुर महोत्सव को यादगार बनाने में जुटा प्रशासन

रामपुर महोत्सव को यादगार बनाने में जुटा प्रशासन

By JagranEdited By: Publish:Wed, 11 Dec 2019 11:35 PM (IST) Updated:Wed, 11 Dec 2019 11:35 PM (IST)
रामपुर महोत्सव को यादगार बनाने में जुटा प्रशासन
रामपुर महोत्सव को यादगार बनाने में जुटा प्रशासन

जागरण संवाददाता, रामपुर: जिला प्रशासन इस बार रामपुर महोत्सव को यादगार बनाने जा रहा है। तमाम अधिकारी इसे सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। महोत्सव में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के दौरान रामपुर के इतिहास से भी लोगों को रूबरू कराया जाएगा। इसके लिए लाइट एंड साउंड कार्यक्रम भी होगा, जिसमें फिल्म अभिनेता रजा मुराद की आवाज सुनाई देगी। इसमें रामपुर की शान और रामपुर की पहचान, सभी का होगा गुणगान।

रामपुर महोत्सव 20 दिसंबर से शुरु होकर 15 जनवरी तक चलेगा। महोत्सव में रामपुर की संस्कृति के साथ ही देश और प्रदेश की संस्कृति की भी झलक दिखाई देगी। ऐसे तमाम कार्यक्रम होंगे, जिसमें रामपुर की संस्कृति सामने आएगी। रामपुर के इतिहास के बारे में भी बताया जाएगा। इसके लिए किले में लाइट एंड साउंड कार्यक्रम होगा। इसके लिए स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है। इस शो को अपनी दमदार आवाज देंगे, फिल्म अभिनेता रजा मुराद। दरअसल रजा मुराद का बचपन रामपुर की ही गलियों में बीता है। पहले उनका परिवार रामपुर में ही रहता था। अब भी वह रामपुर से रिश्ता कायम किए हैं और यहां आते रहते हैं। रामपुर में नुमाइश नवाबी दौर से ही लगती रही है, लेकिन पिछले कुछ सालों से पहले जैसी नुमाइश नहीं लग पा रही थी। इस बार जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने इसे यादगार बनाने का निर्णय लिया है। रामपुर महोत्सव का आयोजन पनबड़िया नुमाइश ग्राउंड में ही होगा, लेकिन लाइट एंड साउंड कार्यक्रम किले में होगा, जबकि खेलकूद बमनपुरी स्टेडियम में होंगे। नामचीन शायर आएंगे

जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बुधवार को रामपुर महोत्सव को लेकर मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन बमनपुरी स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताएं होंगी, दिन में और रात में भी कार्यक्रम होंगे। मुशायरा और कवि सम्मेलन भी यादगार होगा। देश के नामचीन शायर और कवि शामिल होंगे। मशहूर शायर मुनव्वर राणा, राहत इंदौरी और वसीम बरेलवी को आमंत्रित कर रहे हैं। इसके अलावा चाहरबैत, कब्बाली, भजन, गजल, सूफियानी कथक, व्यापारी मेला, पंजाबी नाइट, संगीत समागम का आयोजन भी किया जाएगा। रामपुर महोत्सव के लोगो को मीडिया के सामने पेश किया गया। लोगो भी अपने आप में रामपुर की यादें संजोए है। इसमें रामपुरी चाकू, पतंग, वायलिन, मैंथा को भी फोकस किया गया है।

chat bot
आपका साथी