सर्विस टैक्स के विरोध में बंद रहे सिनेमाहाल

By Edited By: Publish:Thu, 23 Feb 2012 11:33 PM (IST) Updated:Thu, 23 Feb 2012 11:33 PM (IST)
सर्विस टैक्स के विरोध में बंद रहे सिनेमाहाल

रामपुर। सर्विस टैक्स के विरोध में गुरुवार को जिले भर के सिनेमाहाल में बंदी रही। इससे फिल्म देखने पहुचे दर्शकों को मायूस लौटना पड़ा। एक दिन की बंदी से सिनेमाहाल मालिकों को हजारों का नुकसान झेलना पड़ा तो सरकार को भी मनोरंजन कर की हानि हुई।

सरकार सिनेमाघरों को भी सर्विस टैक्स के दायरे में लाने का मन बना चुकी है। नए वित्त वर्ष से टैक्स लागू होगा। इसके विरोध में गुरुवार को देश भर के सिनेमाघरों में बंदी रही। जिले में भी सात सिनेमाघर हैं। इसमें अकेले शहर में पांच सिनेमाघर हैं, जबकि टांडा और मसवासी में भी एक-एक पिक्चर हाल है। ये सभी बंद रहे। इससे कई दर्शक हाल से मायूस लौटे।

रामपुर सिने एग्जीबिटर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवनीत जिंदल ने बताया कि सरकार सिनेमाघरों पर 10.30 फीसदी सेवाकर लगाने की तैयारी में है। इसे लेकर देश भर में सिनेमाघरों को बंद कर विरोध जताया गया। जिले में सभी सिनेमाघरों में कोई शो नहीं चला। सर्विस टैक्स के विरोध में मनोरंजन कर अधिकारी को ज्ञापन भेज दिया है। एसोसिएशन के सचिव रेशू बंसल का कहना है कि अब सिनेमाघरों की हालत पहले जैसी नहीं है। सरकार ने भी हमारी ओर से आंखे फेर ली हैं। सिनेमा जगत के लिए कोई प्रोत्साहन नीति सरकार के पास नहीं है। यही वजह है कि सिनेमाघरों की संख्या लगातार घटती जा रही है। ऐसे में सर्विस टैक्स का बोझ सिनेमाघर संचालक बर्दाश्त नहीं कर सकेंगे।

उधर, एक दिन की बंदी से जहां सिनेमाघर संचालकों को 70 से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ, वहीं सरकार को भी मनोरंजन कर के रूप में चालीस फीसदी टैक्स का घाटा उठाना पड़ा। सरकार सिनेमाघरों से रोजाना चलने वाले प्रत्येक शो पर 40 प्रतिशत मनोरंजन टैक्स वसूलती है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी