हाकिम की मुहर के बिना अटकी आरक्षण की सूची

अफसरों ने अपनी तैयारी की पूरी सिर्फ जिलाधिकारी की हरी झंडी का इंतजार

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 11:34 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 11:34 PM (IST)
हाकिम की मुहर के बिना अटकी आरक्षण की सूची
हाकिम की मुहर के बिना अटकी आरक्षण की सूची

रायबरेली : ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के आरक्षण की अनंतिम सूची आलाहाकिम की मुहर के बिना अटक गई। हालांकि, विकास और पंचायती राज विभाग के अफसरों ने अपनी पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन जिलाधिकारी के हस्ताक्षर न होने के कारण प्रकाशन नहीं हो सका। अब बुधवार को इसे जारी किया जाएगा।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सीटों के आरक्षण की प्रस्तावित सूची प्रकाशित करने के लिए निर्वाचन आयोग से दो दिन का समय निर्धारित किया गया था। दो और तीन मार्च तक हर हाल में यह लिस्ट प्रकाशित की जानी थी। इसी को देखते हुए अफसरों ने काम को रफ्तार दी। किस क्षेत्र में किस वर्ग का प्रत्याशी खड़ा होगा, इसका खाका खींच भी लिया गया था। सिर्फ जिला स्तरीय कमेटी के हस्ताक्षर होने बाकी रह गए थे। सीडीओ और डीपीआरओ समेत अन्य अफसर तो उपलब्ध थे, लेकिन जिलाधिकारी के जिले से बाहर होने के कारण प्रस्तावित सूची जारी नहीं हो सकी। मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि सूची तैयार हो चुकी है। इसे जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। उनकी मुहर लगने के बाद बुधवार को इसका प्रकाशन होगा।

सीटों के आरक्षण को लेकर बढ़ी रहीं धड़कनें

विकास विभाग के अफसरों ने मंगलवार को सूची प्रकाशित करने की उम्मीद जताई थी। इसे लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई थी। पूरे दिन ब्लाकों में भीड़ लगी रही। तमाम दावेदार जिला मुख्यालय के चक्कर लगाते भी देखे गए। यहां पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों से अपने इलाके की सीट के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास भी किया, लेकिन यहां भी मायूसी हाथ लगी।

chat bot
आपका साथी