फसल डूबने के सदमे में किसान की मौत

संसू, महराजगंज (रायबरेली) : क्षेत्र के कोरवा मदनिया गांव में सोमवार को फसल डूबने के सदमे मे

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Aug 2018 09:06 PM (IST) Updated:Mon, 13 Aug 2018 09:06 PM (IST)
फसल डूबने के सदमे में किसान की मौत
फसल डूबने के सदमे में किसान की मौत

संसू, महराजगंज (रायबरेली) : क्षेत्र के कोरवा मदनिया गांव में सोमवार को फसल डूबने के सदमे में एक किसान की मौत हो गई। उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। तहसील प्रशासन ने जांच के बाद आर्थिक मदद का आश्वासन किसान के परिजनों को दिया है।

कोरवा मदनिया निवासी कासिम (50) के नाम दो बीघे जमीन है। उसमें कासिम ने धान की फसल बो रखी थी। हाल में हुई मूसलधार बारिश से केया नाला उफना गया और उसी में कासिम की फसल डूब गई। 3-4 अगस्त की रात कासिम का आधा कच्चा मकान भी बारिश में ढह गया। इसी को लेकर कासिम परेशान रहता था। रविवार को अचानक उसे उल्टी और दस्त होने लगे। हालांकि, शाम होने तक उसकी हालत सामान्य हो गई। सोमवार सुबह वह खेत देखने गया था। वहां से वापस लौटने पर अचानक उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर गया। परिजन उसे पहले सीएचसी ले गए। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कासिम के घर पर उसकी पत्नी परमीन और बेटी मुन्नी हैं। परमीन ने बताया कि फसल डूबने के बाद से कासिम काफी परेशान रहने लगे थे। मकान गिरा तो मानो मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। उसने बताया कि फसल तबाह होने के सदमें में उसके पति की मौत हो गई। तहसीलदार ज्ञानचंद्र गुप्ता ने बताया कि किसान कासिम की मौत की सूचना मिली है। जल्द ही राजस्व विभाग की टीम भेजकर जांच करायी जाएगी। उसके उपरांत किसान के परिवार को आर्थिक मदद दिलायी जाएगी।

chat bot
आपका साथी