गाजे-बाजे के साथ हुई मां आदि शक्ति की विदाई

नवरात्र में मां आदि शक्ति के विविध स्वरूपों का पूजन करने के बाद मां की विदाई की जा रही है। अधिकांश मूर्तियों का विसर्जन रविवार से लेकर सोमवार तक कर दिया गया। गाजे-बाजे के साथ भक्तों ने पूरे भाव और आस्था से मां का पूजन करके अगले बरस फिर से आने का अनुरोध करके विदा किया। मूर्तियों का विसर्जन किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 11:26 PM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 11:26 PM (IST)
गाजे-बाजे के साथ हुई मां आदि शक्ति की विदाई
गाजे-बाजे के साथ हुई मां आदि शक्ति की विदाई

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़ : शारदीय नवरात्र में मां आदि शक्ति के विविध स्वरूपों का पूजन करने के बाद मां की विदाई की जा रही है। अधिकांश मूर्तियों का विसर्जन रविवार से लेकर सोमवार तक कर दिया गया। गाजे-बाजे के साथ भक्तों ने पूरे भाव और आस्था से मां का पूजन करके अगले बरस फिर से आने का अनुरोध करके विदा किया। मूर्तियों का विसर्जन किया।

नदियों में मूर्ति डालने पर कोर्ट की रोक होने से प्रशासन ने नदियों के किनारे कच्चे तालाब बनवाए हैं। उसमें पानी भरवाकर मूर्तियों का विसर्जन सतर्कता के साथ कराया गया। नगर क्षेत्र की मूर्तियों को लेकर श्रद्धालु बेल्हा देवी धाम में सई पुल के किनारे वाले स्थान पर बनाए गए तालाब पर पहुंचे। वहां एक-एक करके विसर्जन किया। इसके पहले वह नाचते-गाते आए। अबीर-गुलाल भी उड़ाया गया। रास्ते में लोगों को प्रसाद भी बांटा गया। देर शाम तक 42 मूर्तियों का विसर्जन हो गया था। विश्वनाथगंज प्रतिनिधि ने बताया कि शनि देव धाम पर हनुमान मंदिर के बगल प्रशासन ने गढ्डा खोदवाकर उसमें पानी भरवाकर विसर्जन की सुविधा दी है। सोमवार को दोपहर तीन बजे तक 60 मूर्तियों का विसर्जन किया जा चुका था। मानधाता कोतवाल सत्येंद्र कुमार राय पुलिस बल को लेकर घूमते रहे। संडवा चंद्रिका प्रतिनिधि ने बताया कि दुर्गा प्रतिमाओं को पंडाल से लाकर रविवार व सोमवार को चमरौधा नदी व अंतू के तालाब में विसर्जित किया गया। चतुरपुर मोड़ पर संतोष सिंह द्वारा सजाई गई मां की मूर्ति देख लोग भावुक हो गए। लालगंज प्रतिनिधि ने बताया कि क्षेत्र की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन देवी भक्तों ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए किया। प्रतिमाओं की झांकी भी निकाली। श्रद्धालुओं को भी उत्साह में देखा गया। पदाधिकारियों ने गांव के पोखरों में विसर्जन किया। विसर्जन यात्राओं से चौक तिराहे पर पुलिस को यातायात व्यवस्था संभालने में पसीना बहाना पड़ा। नगर पंचायत मे भी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए देवी भक्तों ने नाचते गाते झांकी निकाली। क्षेत्र के अजगरा, घुइसरनाथ धाम, सांगीपुर, दीवानगंज, उदयपुर, मंगापुर, राहाटीकर में उत्साह दिखा।

--

देवी मान कन्याओं का पूजन

जासं, प्रतापगढ़ : नवदुर्गा पूजा पंडाल जूही में कन्या पूजन कर कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसमें मनीष शुक्ल, अजय शुक्ल, उदय शंकर, रिकू, अंकित, नैतिक, सुरेश, कलश, अनन्या समेत कार्यकर्ताओं ने देवी के रूप में उनका पूजन करके आशीर्वाद लिया।

--

मां का आशीर्वाद लेकर हुए भावुक

संसू, पट्टी : नगर स्थित श्रीश्री नव दुर्गा पूजा समिति मेला गेट, श्रीश्री नव दुर्गा पूजा समिति सिविल लाइन, पुरानी पटटी, जय मां अंबे दुर्गा पूजा समिति मेन रोड के पंडालों की मूर्तियों का विसर्जन किया गया।

शोभा यात्रा निकालकर नगर भ्रमण किया गया। पुरोहित श्याम शंकर दूबे, राजू मोदनवाल, राजू जायसवाल, सनी जायसवाल, दुर्गा प्रसाद मोदनवाल, संतोष जायसवाल, बच्चा जायसवाल भी रहे। ढकवा प्रतिनिधि के अनुसार मूर्ति विसर्जित करने के लिए इब्राहिमपुर में स्थित पंप कैनाल के पास बने तालाब पर लोग पहुंचे। लेखपाल राजेंद्र यादव, एसओं आसपुर देवसरा सुनील कुमार सिंह मयफोर्स मौजूद रहे।

दीवानगंज प्रतिनिधि ने बताया कि दर्जनों स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडालों में स्थापित मूर्तियों का बाबा बेलखर नाथधाम सई तट के किनारे बनाए गए तालाब में विसर्जन किया गया। कंधई एसओ तुषार त्यागी टीम लेकर जुटे रहे। स्थानीय सेवा समिति के रमानाथ सिंह, मदन सिंह, राजू माली, विश्वनाथ गिरि, मुरलीधर, श्रीओम ओझा का भी सहयोग रहा।

--

छलकी भक्तों की आस्था

संसू, रानीगंज : शारदीय नवरात्र के बाद दुर्गा पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन वाराही धाम स्थित सई नदी के किनारे बने तालाब व नौड़ेरा स्थित तालाब के पास किया गया। लोग नाचते-गाते झूमते विसर्जन स्थल तक पहुंचे। प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान तहसील के अधिकारी व पुलिस वाले मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी राहुल यादव, तहसीलदार श्रद्धा पांडेय, नायब तहसीलदार रवि प्रकाश सिंह ,सीओ डॉ अतुल अंजान त्रिपाठी, थानाध्यक्ष मनोज तिवारी, विनय कुमार सिंह भी सतर्क रहे।

-

तालाब में पानी न होने पर हंगामा

संसू, रानीगंज : दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान सोमवार को दोपहर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब वाराही धाम में बनाए गए तालाब में पानी नहीं था। इसे लेकर विसर्जन कराने गए भक्तगण भड़क उठे और हंगामा करने लगे। फिर आनन-फानन में प्रशासन द्वारा पानी डलवाया गया, तब जाकर तहसील के अधिकारियों के समझाने पर लोग माने और प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

--

मूर्ति लेकर जा रहे युवकों से विवाद

संसू, दीवानगंज : कंधई थाना क्षेत्र के चौपई गांव में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को बाबा बेलखर नाथ धाम पर लेकर जा रहे युवकों से एक व्यक्ति का विवाद हो गया। इस पर ने विसर्जन के लिए जा रहे युवकों ने सोनाही बाजार में हंगामा किया। इस दौरान एक बुजुर्ग द्वारा युवकों को मना करने पर बुजुर्ग से आरोपित युवकों ने गाली गलौज करने लगे, जिससे बाजारवासियों में आक्रोश फैल गया। इस दौरान दोनों पक्षों से कई लोग आमने-सामने हो गए। मौके पर पहुंची डायल 112पुलिस के साथ ही कंधई पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मामले को किसी तरह शांत कराकर मूर्ति विसर्जन के लिए युवकों को ट्रैक्टर से बाबा बेलखर नाथ धाम भेजवाया। एसओ कंधई तुषार त्यागी ने बताया कि जरा सी कहासुनी हुई थी। बाद में सब मान गए।

chat bot
आपका साथी