जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप

संसू संग्रामगढ़ स्थानीय थाना क्षेत्र के अर्जुन अतेरू गांव में जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की म

By JagranEdited By: Publish:Sun, 15 Dec 2019 10:39 PM (IST) Updated:Sun, 15 Dec 2019 10:39 PM (IST)
जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप

संसू, संग्रामगढ़ : स्थानीय थाना क्षेत्र के अर्जुन अतेरू गांव में जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पति, ससुर व सास को हिरासत में ले लिया।

संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के अर्जुन अतेरू गांव निवासी संगमलाल पुत्र राजाराम की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व विमला सरोज(22) पुत्री राम खेलावन निवासी नौबस्ता, थाना हथिगवांसे हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगा। इस पर विमला ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत पुलिस से भी की थी। करीब छह महीने पहले वह मायके में रहने लगी। 18 नवंबर को महिला प्रकोष्ठ ने दोनों के बीच समझौता करा दिया था। इसके बाद विमला ससुराल आकर रहने लगी। शनिवार की रात विमला ने पति से विवाद के बाद जहरीला पदार्थ लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी संग्रामगढ़ ले आए।

यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पति ने फौरन घटना की जानकारी विमला के मायके वालों को दी। मौके पर पहुंचे मृतका के भाई दिनेश कुमार और पिता रामखेलावन ने घटना की सूचना संग्रामगढ़ पुलिस को देते हुए दहेज में फ्रिज, कूलर न देने पर ससुराल के पक्ष के लोगों पर जहर देकर मार देने का आरोप लगाया।

मृतका के भाई दिनेश कुमार ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व बहन की शादी की थी। शादी के बाद से ही पति, सास-ससुर दहेज में फ्रिज, कूलर की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करने लगे थे। छह महीने पूर्व मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विमला को घर से भगा दिया था। मामला महिला प्रकोष्ठ में चलने के बाद 18 नवंबर को समझौता हुआ था। इसके बाद विमला फिर अपनी ससुराल आ गई थी। सूचना पर पहुंचे एसओ संग्रामगढ तुषार त्यागी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मृतका के पिता राम खेलावन की तहरीर पर पुलिस ने पति संगम लाल, ससुर राजाराम और सास कस्बहिन को हिरासत में ले लिया।

chat bot
आपका साथी