गम और आंसुओं के बीच दफन हुए पांचों शव

प्रयागराज में दो दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में हुई मौत के बाद गम और आंसुओं के बीच गुरुवार को दफन किया गया। माखनपुर अकारीपुर गांव से एक साथ चार शव उठे तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Oct 2020 11:50 PM (IST) Updated:Fri, 16 Oct 2020 11:50 PM (IST)
गम और आंसुओं के बीच दफन हुए पांचों शव
गम और आंसुओं के बीच दफन हुए पांचों शव

संवाद सूत्र, विश्वनाथगंज : प्रयागराज में दो दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में हुई मौत के बाद गम और आंसुओं के बीच गुरुवार को दफन किया गया। माखनपुर अकारीपुर गांव से एक साथ चार शव उठे तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।

मानधाता थाना क्षेत्र के माखनपुर अकारीपुर गांव निवासी संजय पटेल की ससुराल प्रयागराज जिले के बहरिया थाना क्षेत्र के भावनपुर गांव में राम सिंह पटेल के घर है। राम सिंह के घर मंगलवार को भंडारा आयोजित था। उसमें शामिल होने के लिए माखनपुर निवासी सोनी पटेल (18) पुत्री श्यामाचरण, केवला देवी ((50) पत्नी शिवशंकर पटेल, शांती देवी (52) पत्नी विजय बहादुर पटेल, शांती देवी (55) पत्नी सीताराम निवासी सराय मेदीराय सहित नौ लोग प्रमोद पटेल (30) पुत्र अशोक कुमार निवासी कैलाखुर्द की जाइलों से गईं थी। वहां से मंगलवार देर रात सभी घर लौट रहे थे। जाइलो प्रमोद पटेल चला रहा था। रास्ते में प्रयागराज जिले के करनाईपुर-तिलई बाजार मार्ग स्थित शारदा सहायक नहर मोड़ के पास जाइलो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे प्रमोद, सोनी, केवला, दोनों शांति देवी की मौत हो गई थी।

पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की शाम शवों को यहां लाया गया तो स्वजनों में कोहराम मच गया। प्रमोद, सोनी, केवला व शांति देवी का शव प्राइमरी स्कूल के पास रखा गया था। जबकि शांती देवी पत्नी सीताराम निवासी सराय मेदीराय का शव लेकर स्वजन घर चले गए थे। शांती देवी का माखनपुर-अकारीपुर गांव में मायका था। बुधवार रात करीब आठ बजे विश्वनाथगंज विधायक डा.आरके वर्मा माखनपुर गांव में मृतकों के घर पहुंचे और मृतकों के परिवारीजनों को मुख्यमंत्री से मिलकर आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। मृतकों के घर प्रधान राजकुमार यादव, प्रधान आलोक सिंह सहित तमाम लोग शोक संवेदना जताने पहुंचे।

गुरुवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे प्रमोद, सोनी, केवला व शांति देवी का शव प्राइमरी स्कूल के पास से घर ले जाया गया तो स्वजन रोने-बिलखने लगे। करीब नौ बजे चारों शवों को लेकर स्वजन श्रृंगवेरपुर गंगा घाट गए और वहां चारों शवों को दफना दिया। उधर, शांती देवी पत्नी सीताराम का शव उनके गांव सरायमेदीराय में बाग में दफनाया गया।

-----------

शादी की तैयारी मातम में तब्दील

संसू, विश्वनाथगंज : माखनपुर गांव निवासी श्यामाचरण पटेल की बेटी सोनी देवी (18) की शादी रानीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज के एक परिवार में तय हुई थी। नौ दिसंबर को बरात आनी थी, ऐसे में इस समय घर में शादी की तैयारी चल रही थी। सोनी की शादी को लेकर पूरे परिवार में उत्साह था। पर होनी को तो कुछ और मंजूर था। बरात आने के पहले बुधवार को सोनी का शव घर आया तो स्वजन रोने-बिलखने लगे। शादी की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गई।

chat bot
आपका साथी