घटना का राजफाश न होने तक बाजार बंद रखने का ऐलान

डकैती की घटना का राजफाश न होने तक श्याम बिहारी गली के व्यापारियों ने दुकानें बंद रखने का ऐलान किया है। इस बीच शनिवार को श्याम बिहारी गली में सभा करके व्यापारियों ने अपनी आवाज बुलंद की।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 09 Jan 2021 10:17 PM (IST) Updated:Sat, 09 Jan 2021 10:17 PM (IST)
घटना का राजफाश न होने तक बाजार बंद रखने का ऐलान
घटना का राजफाश न होने तक बाजार बंद रखने का ऐलान

प्रतापगढ़ : डकैती की घटना का राजफाश न होने तक श्याम बिहारी गली के व्यापारियों ने दुकानें बंद रखने का ऐलान किया है। इस बीच शनिवार को श्याम बिहारी गली में सभा करके व्यापारियों ने अपनी आवाज बुलंद की।

श्याम बिहारी गली में रहने वाले सर्राफ सुरेश सोनी की दुकान में पड़ी डकैती की घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है। श्याम बिहारी गली के व्यापारी घटना के दिन यानी गुरुवार से ही दुकानें बंद किए हुए हैं। इस बीच स्वर्णकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम सोनी, स्वर्णकार विचार मंच की राष्ट्रीय सह प्रचार मंत्री रंजना वर्मा, प्रदेश महासचिव राजकुमार सोनी शनिवार को दोपहर श्याम बिहारी गली पहुंचे और पीड़ित व्यापारी से घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्हें भरोसा दिया कि पूरा संगठन उनके साथ है। इसके बाद श्याम बिहारी गली में मां दुर्गा मंदिर परिसर में स्थित सभा में व्यापारियों ने अपनी आवाज बुलंद की। प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम सोनी ने कहा कि बीच शहर में बदमाश दुकान में घुसकर 90 लाख रुपये के जेवर लूट ले गए और पुलिस को बदमाशों की भनक तक नहीं लग सकी। यह घटना पुलिस के मुंह पर एक तमाचा है। अश्वनी सोनी ने कहा कि सभी लोगों को एकजुट होकर पीड़ित सुरेश सोनी का साथ देने की जरूरत है। जब तक घटना का पर्दाफाश नहीं हो जाता है, तब तक सभी व्यापारियों को अपनी दुकानें बंद रखनी होंगी।

स्वर्णकार समाज के जिलाध्यक्ष राधेश्याम सोनी ने कहा कि पूरा व्यापारी पीड़ित सुरेश सोनी के साथ हैं। जब तक बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, तब तक श्याम बिहारी गली के व्यापारी अपनी दुकानें नहीं खोलेंगे। इस पर सभा में जुटे व्यापारियों ने एक साथ हामी भरी। सभा में सभासद विनय सिंह भोला, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमा प्रकाश अग्रहरि, राजेंद्र पंजाबी, पुरुषोत्तम सोनी, ज्ञान प्रकाश सोनी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी