चारपाई पर सो रही बच्ची को कुएं में फेंका, मौत

By Edited By: Publish:Tue, 16 Sep 2014 06:52 PM (IST) Updated:Tue, 16 Sep 2014 06:52 PM (IST)
चारपाई पर सो रही बच्ची को कुएं में फेंका, मौत

प्रतापगढ़/गड़वारा : अंतू थाना क्षेत्र के कुटिलिया गांव से सोमवार की रात लगभग आठ बजे चारपाई पर सो रही रोडवेज के संविदा चालक की मासूम बेटी को रहस्यमय ढंग से उठाकर कुएं में फेंक दिया गया। 20 घंटे की तलाश के बाद उसकी लाश घर के सामने कुएं में उतराती मिली। बच्ची के मुंह से निकले खून व मौके की परिस्थितियों से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

अंतू थाना क्षेत्र के कुटिलिया (पूरे माधोसिंह) गांव निवासी अभय प्रताप सिंह की पत्नी डिंपल बेटी यशस्वी (3) को पक्के मकान के बरामदे में रात लगभग आठ बजे मच्छरदानी लगी चारपाई पर लिटाकर कच्चे मकान में खाना बनाने चली गई थी। उस समय अभय के पिता रामखेलावन बगल में ही नातिन को पढ़ा रहे थे।

नातिन को यशस्वी पर नजर रखने की बात कह कर रामखेलावन गैलरी की तरफ चले गए थे। झपकी आने पर नातिन भी दूसरी चारपाई पर सो गई। इतने में ही रहस्यमय दशा में चारपाई पर सो रही यशस्वी गायब हो गई। दूध लेकर जब डिंपल चारपाई के पास पहुंची तो मच्छरदानी के अंदर से यशस्वी को गायब देख सन्न रह गई। वह रोने, चिल्लाने लगी।

रोने की आवाज सुनकर राम खेलावन व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। पल भर में बच्ची के गायब होने से हर कोई हैरान था। आस-पास खेत, खलिहान में उसे ढ़ूंढ़ा जाने लगा, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। सूचना मिलने पर अंतू थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आस-पास छानबीन की। मंगलवार को भी पूरे दिन खेत-खलिहान में परिजनों के साथ पुलिस वाले बच्ची को तलाशते रहे। इस बीच शाम लगभग चार बजे कुछ लोगों ने अभय के घर के सामने कुएं में झांका तो यशस्वी का शव उतराया दिखा। शव को फौरन बाहर निकाला गया। बच्ची के मुंह से खून निकला हुआ था, आंख के नीचे काला निशान भी पड़ा था।

मौके की परिस्थितियों को देखने के बाद यह अंदाज लगाया कि किसी ने चारपाई से उठा कर बच्ची को कुएं में फेंक दिया है। फिलहाल पुलिस एफआइआर दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। उधर, बेटी के गायब होने से डिंपल के आंसू थम नहीं रहे थे। जैसे ही लाश को कुएं से बाहर निकाला गया, डिंपल उससे लिपट कर रोने लगी। महिलाएं उसे संभालने में जुटी थीं।

इनसेट--

बच्ची की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चा

गड़वारा, प्रतापगढ़ : कुटिलिया गांव में अभय सिंह के घर जुटे ग्रामीण बच्ची के गायब होने पर तरह-तरह की आशंका जता रहे थे। कुछ लोग यह कह रहे थे कि कोई जानवर उसे लेकर भाग गया है। वैसे मच्छरदानी को देखने के बाद यह साफ लग रहा था कि जानवर नहीं किसी आदमी ने ही बच्ची को गायब किया है। मच्छरदानी सिर्फ सिरहाने की ओर खुली थी। कुछ लोग यह भी आशंका जता रहे थे कि कोई तांत्रिक भी ऐसा काम कर सकता है। जैसे ही लाश कुएं में मिली, हर कोई यही कहने लगा कि देखिए सच निकला। किसी आदमी ने ही बच्ची को कुएं में फेंका था।

इकलौती संतान थी

बताते हैं कि लगभग पांच साल पहले अभय की शादी डिंपल से हुई थी। डिंपल उनकी इकलौती संतान है। इस वर्ष उसका नाम चौखड़ गांव में स्थित आशा इंटर कालेज में लिखाया गया था। वह पढ़ने स्कूल जाती थी।

इनसेट--

एक महिला पर था शक

गड़वारा, प्रतापगढ़ : बच्ची के गायब होने के मामले में एक महिला पर शक जताया जा रहा था। बताते हैं कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला सोमवार को दिन में अपने साथ घुमाने यशस्वी को ले गई थी। शाम को पांच बजे उसने यशस्वी को घर छोड़ दिया था। ऐसे में परिजन समेत आस-पास के लोग उसी महिला पर शक जता रहे थे। परिजनों ने संदिग्ध महिला से काफी देर तक पूछताछ की, लेकिन वह बच्ची के बारे में कुछ नहीं बता रही थी।

chat bot
आपका साथी