पिता को बचाने पहुंचे बेटे को मारी गोली

By Edited By: Publish:Wed, 20 Aug 2014 07:33 PM (IST) Updated:Wed, 20 Aug 2014 07:33 PM (IST)
पिता को बचाने पहुंचे बेटे को मारी गोली

पट्टी, प्रतापगढ़ : आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के आमापुर गांव में बदमाशों ने पिता को बचाने पहुंचे युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली उसके हाथ को चीरती हुई निकल गई। युवक को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए इलाहाबाद में भर्ती कराया गया है। घटना से गांव में दहशत है।

आमापुर निवासी झरिहग वर्मा साधन सहकारी समिति के कर्मचारी थे। मंगलवार की रात वे घर के बाहर सो रहे थे। रात लगभग दो बजे आधा दर्जन बदमाश वहां पहुंचे और उन्हें दबोचकर पिटाई करने लगे। पिटाई की आवाज सुनकर पास सो रही पत्नी लीलावती जाग गई। गुहार लगाई तो छत पर सो रहे उनके पुत्र महेंद्र वर्मा 25 की भी आंख खुल गई। उसने टार्च की रोशनी से नीचे देखा तो कुछ लोग नजर आए। इस पर वह भी नीचे उतर आया और जैसे ही पिता पर हमले का विरोध करना चाहा, बदमाशों ने तमंचे से उस पर फायर झोंक दिया। गोली चलने की आवाज से परिवार के लोग सकते में आ गए और बचाव के लिए गुहार लगाई तो फायर करने वाले लोग वहां से भाग निकले। बाद में स्थानीय लोगो की मदद से घायल महेंद्र को इलाज के लिए इलाहाबाद ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस कर्मी सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। घटनाक्रम की जानकारी ली। गोली मारने वाले लोग कौन थे और उनका उद्देश्य क्या था, इसको लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस को अभी घायल युवक के ठीक होकर आने का इंतजार है।

--इनसेट--

गोली मारने की घटना की जानकारी मिली है। पूरे मामले की हकीकत खंगाली जा रही है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।

-एपी पांडेय, थानाध्यक्ष, आसपुर देवसरा

---इनसेट---

युवक पर तमंचे से फायर

पट्टी, प्रतापगढ़ : आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव निवासी बड़कऊ वर्मा पर कुछ लोगों ने उस समय तमंचे से फायर झोंक दिया जब वहां अपने घर को भांटपट्टी के रास्ते जा रहा था। इसमें वह बाल-बाल बच गया। बाद में हमलावरों ने उसे जमकर पीटा। जिससे उसकी स्थित गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष एपी पाण्डेय ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई है।

chat bot
आपका साथी