दोपहर तक रंगों से सराबोर करती रहीं टोलियां

होली का शहर समेत जनपद में उत्साह के साथ मनाया गया। बुधवार की रात होलिका पूजन और दहन से पूर्व मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश थमते ही लोग होलिका स्थलों पर पहुंचने लगे। विधि-विधान से पूजन और फिर होलिका दहन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Mar 2019 10:53 PM (IST) Updated:Fri, 22 Mar 2019 10:53 PM (IST)
दोपहर तक रंगों से सराबोर करती रहीं टोलियां
दोपहर तक रंगों से सराबोर करती रहीं टोलियां

पीलीभीत : होली का शहर समेत जनपद में उत्साह के साथ मनाया गया। बुधवार की रात होलिका पूजन और दहन से पूर्व मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश थमते ही लोग होलिका स्थलों पर पहुंचने लगे। विधि-विधान से पूजन और फिर होलिका दहन किया गया। लोगों ने होलिका पर जौ की बालियां और गन्ना समर्पित किया। गुरुवार को शहर में सुबह से ही होरियारों की टोलियां सड़कों पर निकल पड़ी। आते जाते लोगों को रंग और गुलाल से सराबोर करने का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। इसी दौरान बल्लभ नगर स्थित पार्क में होली उत्सव का आयोजन किया गया। कॉलोनी के साथ ही शहर के अन्य हिस्सों से भी तमाम लोग पहुंचे और रंगों की होली खेली। शाम को लोगों ने एक-दूसरे के घरों पर जाकर गले मिलकर होली की बधाई दी। मेहमानों को गुझिया के साथ ही अन्य पकवान परोसे गए। शुक्रवार को भी घर-घर जाकर होली मिलने का सिलसिला चलता रहा। पूरनपुर : सुबह से ही होरियारों की टीम ने धमाल मचाना शुरु कर दिया। एक दूसरे को अबीर और गुलाल से तर करते हुए होलिका स्थल पर पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह युवाओं ने कपड़े फाड़ होली खेली। एक दूसरे के गले मिलकर उन्हें पर्व की बधाई देने के साथ ही बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बैंडबाजा और डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरके। इंडो नेपाल बॉर्डर क्षेत्र सहित ट्रांस शारदा क्षेत्र में होली का त्योहार बड़े ही उत्साह, उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल के बीच मनाया गया।

अमरैयाकलां : सुबह होलिका दहन स्थल पर परिक्रमा कर जौ चढ़ाए। होलिका दहन स्थलों पर पूजा-अर्चना करने वाले लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। रंगों की बौछार का दौर शुरू हो गया। बच्चों व युवाओं ने एक-दूसरे के रंग लगाकर और गले मिलकर पर्व की शुभकामनाएं दी। गांव खाता, अमरैयाकलां, सुखदासपुर, रघुनाथपुर, तकिया दीनारपुर, महांदिया, रम्पुरा फकीरे, देवीपुर, नवदिया धनेश आदि गांवों में होली परम्परागत ढंग से मनाई गई।

शेरपुरकलां : होरियारों की टोलियों ने एक दूसरे को गालियां दीं। हिदू ही नहीं बल्कि मुस्लिम समाज के लोगों ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। कई पीढि़यां गुजरने के बाद भी गांव का रिवाज नहीं बदला। होरियारों की टोलियों ने बैंड बाजे के साथ धमाल मचाया। पूरे गांव में घूमते हुए लोगों के दरवाजों पर जाकर उनको गालियां दी और फगुआ वसूला। उप जिलाधिकारी चंद्रभानु सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कमल सिंह, खंड विकास अधिकारी डटे रहे।

कसगंजा : गांव समेत भैसासुर, चकपुर, सिमरा, बिलन्दपुर, गुलड़िया भूपसिंह सहित पूरे क्षेत्र में होली का त्यौहार बड़ी धूमधाम से व हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंग लगाकर आपस में खुशियां बांटी।

घुंघचाई : लोग होलिका पूजन करने के बाद एक दूसरे के गले मिले। सिमरिया, दिलावरपुर, गोपालपुर, घाटमपुर, लुकटिहाई, घुंघचाई सहित कई गांव में लोग समूह बनाकर होली स्थल पर आ़खत डालने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। महिलाएं भी घर-घर होली मिलने पहुंची। इस दौरान लोगों को होली पर गुजिया समेत अन्य पकवान खिलाए गए। घुंघचाई में कपड़े फाड़ होली की भी परंपरा कायम रही। युवा टोली एक दूसरे के कपड़े फाड़कर होली की खुशियां मनाते रहे।

रमनगरा : बार्डर क्षेत्र में होली को लेकर धूम रही। होली को लेकर सीमा पर बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। युवाओं ने एक दूसरे के अबीर गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां बटोरी। बड़ों का आशीष लिया। दोपहर बाद होली मिलने के लिए बड़े, युवा और बुजुर्ग लोगों के घरों पर पहुंचे। गजरौला: होलिका दहन से पूर्व महिलाओं ने पूजा की।

अमरिया: धुंधरी, मुडलिया गौसू, बांसखेड़ा, फुलय्या, बगनेरा, तुमड़िया, मुगलाखेड़ा, बरा, मझलिया, कैंचू टांडा, अमरिया, करगैना, ढेरम, सुकटिया, हर्रायपुर, उदयपुर, जिठनिया, दियोरनिया में त्योहार मनाया गया। गली मुहल्लों व चौराहों पर रंग खेलने वालों की भीड़ दिखाई दी। न्यूरिया : रंगों का पर्व होली उत्साह के साथ मनाया गया। होलिका दहन स्थल से शुरू हुआ रंग जुलूस प्रमुख मार्गों से होता हुआ थाना पहुंचकर संपन्न हो गया। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर होली की बधाई दी।

chat bot
आपका साथी