सुदीक्षा प्रकरण : पिता को एसआइटी पर भरोसा नहीं, न्यायिक जांच की मांग

जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा ग्रेटर नोएडा के डेरी स्कनर गांव की रहने वाली सुदीक्षा क

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 07:59 PM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 07:59 PM (IST)
सुदीक्षा प्रकरण : पिता को एसआइटी पर भरोसा नहीं, न्यायिक जांच की मांग
सुदीक्षा प्रकरण : पिता को एसआइटी पर भरोसा नहीं, न्यायिक जांच की मांग

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के डेरी स्कनर गांव की रहने वाली सुदीक्षा की मौत के मामले में स्वजनों को एसआइटी जांच पर भरोसा नहीं है। सुदीक्षा के पिता ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह पुलिस मामले को गलत दिशा में मोड़ रही है, एसआइटी भी उसी तरह कर सकती है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेकर एसएसपी बुलंदशहर को निष्पक्ष जांच के लिए कहा है। वहीं कांग्रेस और सपा के नेताओं ने सरकार से मृतका के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग की है।

घटना की जांच के लिए आइजी मेरठ प्रवीण कुमार के निर्देश पर एसआइटी गठित की गई है। सुदीक्षा के पिता जितेंद्र भाटी ने कहा कि एसआइटी में भी उसी बुलंदशहर पुलिस के लोग शामिल हैं जो मामले को शुरू से दबाने में जुटे है। बिना जांच किए ही शुरूआत से ही मामले को दूसरी तरफ मोड़ने की कोशिश हो रही है। उन पर कैसे विश्वास करें। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना के एक दिन बाद उनके घर आई। सिर्फ परिवार के सदस्यों के नाम पूछे। इसके अलावा कोई जानकारी नहीं जुटाई गई। ऐसे में एसआईटी की टीम से न्याय मिलने की उम्मीद कम है। उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट द्वारा जांच कराई जानी चाहिए।

स्वजनों का आरोप है कि बुलंदशहर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के लिए ली गई तहरीर में बदलाव करने का दबाव बनाया। राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने भी बुलंदशहर पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पत्र लिखा है।

---

कांग्रेसियों ने कहा करेंगे आंदोलन

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने मांग किया कि एक करोड़ की आर्थिक सहायता के अलावा लापरवाह पुलिस प्रशासन के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। मामले की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट करें और जिम्मेदार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी हो। सरकार सुदीक्षा के नाम से जल्द ही शिक्षा योजना आरंभ करें। कांग्रेसी पूरे दिन स्वजन को ढांढस बंधाते नजर आए। इस मौके पर प्रदेश महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू, बुलंदशहर जिलाध्यक्ष टुक्कीमल खटीक, पूर्व जिला अध्यक्ष डा. महेंद्र नागर, अशोक पंडित, दिनेश शर्मा, विक्रम नागर, रविद्र जाटव सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---

सपा की ओर से दिए गए दो लाख

सपा नेता अतुल प्रधान भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुदीक्षा के घर पहुंचे। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तरफ से दो लाख रुपये का चेक मृतका के पिता जितेंद्र भाटी को दिया। उन्होंने बुलंदशहर पुलिस पर घटना को दबाने के प्रयास का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस ने बिना जांच के ही बयान जारी कर दिया कि सुदीक्षा जिस बाइक पर बैठी थीं, उसे नाबालिग चचेरा भाई चला रहा था। जबकि मुख्य वजह मनचले हैं। वह सुदीक्षा की बाइक के आगे-पीछे अपनी बाइक से स्टंट कर रहे थे। इसी वजह से दुर्घटना हुई। सपा के जिला महासचिव नवीन भाटी ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आंदोलन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी