Noida Weather News: एक दिन बाद खत्म हो जाएगी राहत, शुक्रवार से बढ़ने लगेगा अधिकतम तापमान

Noida Weather News बुधवार को हुई हल्की बारिश और हवाओं का असर से बृहस्पतिवार को भी गर्मी से राहत मिली हुई है। वहीं मौसम विज्ञानियों का कहना है कि एक दिन बाद यानी शुक्रवार से फिर अधिकतम तापमान में इजाफा होना शुरू हो जाएगा।

By Jp YadavEdited By: Publish:Thu, 05 May 2022 10:47 AM (IST) Updated:Thu, 05 May 2022 10:47 AM (IST)
Noida Weather News: एक दिन बाद खत्म हो जाएगी राहत, शुक्रवार से बढ़ने लगेगा अधिकतम तापमान
Noida Weather News: एक दिन बाद खत्म हो जाएगी राहत, शुक्रवार से बढ़ने लगेगा अधिकतम तापमान

नोएडा, जागरण संवाददाता। शहर में बुधवार शाम को हुई रिमझिम बारिश के साथ चली तेज हवा ने मौसम को सुहाना बना दिया। इसका असर बृहस्पतिवार को भी महसूस हो रहा है। गर्मी लोगों को अधिक परेशान नहीं कर रही है। वहीं, बारिश के चलते बहुत दिनों बाद शहर के लोगों को उमस और गर्मी से निजात मिली। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई।

बुधवार दोपहर होते पूरे आसमान में काली घटा छा गई। इससे लोगों को धूप से राहत मिली, लेकिन उमस बनी रही। शाम तक बादल और धूप की लुकाछुपी चलती रही। शाम को पांच बजे के पास बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कि रात आठ बजे तक रुक-रुककर चलती रही। लोगों ने सड़कों और पार्कों में घूमकर मौसम का आनंद लिया। बीते एक माह से शहर में गर्मी लगातार रिकार्ड तोड़ रही थी। पारा 42 डिग्री पार पहुंच गया था। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहा।

स्काईमेट के मौसम विज्ञानी डा. महेश पलावत ने बताया कि पूर्वी हवा के चलते बीते दो दिन से बादल छाए हुए थे। बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के चलते बूंदाबांदी और तेज हवा चली। यह बृहस्पतिवार तक जारी रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के वक्त गर्मी और उमस बनी रहेगी।

वहीं, सेक्टर-108 बिजली घर में केबिल जलने से करीब 20 हजार घरों की बिजली तीन घंटे तक गुल रही। बिजली घर से जुड़े सेक्टर-47, 48, 49, बरौला, हिंडन विहार, सेक्टर-108, 107 समेत अन्य क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही। बरौला निवासी हरीश शर्मा ने बताया कि शाम करीब छह बजे से बिजली गुल रही, जो कि रात साढ़े आठ बजे के करीब आई। मौसम खराब होने से सड़कों पर अंधेरा पसरा रहा।

सेक्टर-52 निवासी टीके भाटी ने बताया कि हल्की से बारिश और तेज हवा पर भी निगम का सिस्टम जवाब दे जाता है। स्थानीय निवासी सचिन पांडेय ने बताया कि कई बार 10 से 15 मिनट के लिए बिजली कटती रही।

वहीं मुख्य अभियंता वीएन सिंह ने बताया कि बारिश से कुछ क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर एहतियातन शटडाउन किया जाता है। केंद्रीय स्तर पर कोई शटडाउन नहीं किया गया। कुछ जगह लोकल फाल्ट के चलते बिजली गुल रही।

chat bot
आपका साथी