चिलचिलाती धूप में डीएनडी पर भीषण जाम, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती

बॉर्डर पर किसी प्रकार की स्थिति न बिगड़े इसलिए यहां पुलिस फोर्स के साथ ही आरएएफ की एक टीम लगाई गई है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 26 May 2020 01:56 PM (IST) Updated:Tue, 26 May 2020 01:56 PM (IST)
चिलचिलाती धूप में डीएनडी पर भीषण जाम, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती
चिलचिलाती धूप में डीएनडी पर भीषण जाम, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती

नोएडा [मोहम्मद बिलाल]। गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए दिल्ली-नोएडा सीमा को सील किया है। इसके चलते बॉर्डर पर नोएडा पुलिस सख्ती बरत रही है। मंगलवार को भी दिल्ली से लगे प्रमुख बॉर्डर डीएनडी, कालिंदी कुंज, चिल्ला पर पुलिस की सख्ती रही। शहर की सीमा में सिर्फ जिला प्रशासन से जारी पास वाले वाहन चालकों को एंट्री दी गई। बिना पास वालों को बॉर्डर से ही लौटाया गया। इससे डीएनडी टोल पर दोपहर 12 बजे भीषण जाम की स्थिति बनी।

सुबह आठ बजे से वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। ऑफिस व कंपनी जाने के लिए निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे। एक मिनट की दूरी को तय करने में 45 से 50 मिनट का वक्त लग गया। वहीं भीषण गर्मी में जाम को खत्म करवाने के लिए पुलिस के पसीने छूट गए। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली से आने वाले वाहनों के लिए एक लेन और खोल दी। जबकि पहले सिर्फ एक लेन से वाहनों का आवगमन हो रहा था।

हालांकि दोनों ही लेन में पुलिस ने चेकिंग के बाद ही वाहन चालकों को सीमा में प्रवेश दिया। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को पहले की तरह ही सीमा में प्रवेश दिया गया। बॉर्डर पर किसी प्रकार की स्थिति न बिगड़े इसलिए यहां पुलिस फोर्स के साथ ही आरएएफ की एक टीम लगाई गई है। वरिष्ठ अधिकारी भी बीच-बीच में सीमा का निरीक्षण कर बॉर्डर का हाल चाल ले रहे हैं।

डीसीपी ट्रैफिक राजेश एस ने बताया है कि बॉर्डर पर सिविल पुलिस के साथ ही ट्रैफिक पुलिस चेकिंग कर रही है। सीमा पर बैरिकेड लगाकर वाहन चालकों को रोककर पूछताछ की जाती है। एंट्री पास दिखाने वालों को सीमा में आने दिया जाता है। बाकी वाहन चालकों को बॉर्डर से ही लौटाया जा रहा है। ऐसा प्रशासन के अंतरिम आदेश तक जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी