Noida Fire News: 15 घंटे के बाद बूझी नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग

Noida Fire News शार्टसर्किट से आग लगने की संभावना है हालांकि दोनों जगह आग की घटना की फोरेंसिक जांच हो रही है।

By JP YadavEdited By: Publish:Mon, 01 Jun 2020 09:40 AM (IST) Updated:Tue, 02 Jun 2020 07:36 AM (IST)
Noida Fire News: 15 घंटे के बाद बूझी नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग
Noida Fire News: 15 घंटे के बाद बूझी नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग

नोएडा [रजनी कान्त मिश्रा]। नोए़़डा सेक्टर 64 स्थित एक रजाई, तकिया सहित इस प्रकार की अन्य सामान बनाने वाली एक्सपोर्ट फैक्ट्री में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। सूचना पर दमकल की करीब 18 गाडि़यां मौके पर पहुंचीं व कड़ी मेहनत के बाद करीब 15 घंटे में पूरी तरीके से आग को बुझाया जा सका। उधर, होजरी कांप्लेक्स स्थित एक सैनिटाइजर बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार रात करीब ढाई बजे आग लग गई। सूचना पर दमकल की करीब 12 गाड़ियां वहां पहुंची व करीब 11 घंटे में पूरी तरीके से आग को बुझाया जा सका। शार्टसर्किट से आग लगने की संभावना है, हालांकि दोनों जगह आग की घटना की फोरेंसिक जांच हो रही है।

फोरेंसिक जांच से आग लगने के सही कारण सामने आएंगे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 64 में रेडिएंट एक्सपोविजन नाम से एक्सपोर्ट फैक्ट्री है। यहां रजाई, तकिया, कुशन सहित अन्य सामग्री बनती है। यहां रात करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई।

सूचना पर पहले सेक्टर 71 व सेक्टर 58 फायर स्टेशन से दमकल की गाडि़यां मौके पर पहुंचीं। बड़ी आग देख कर आस-पास के सभी फायर स्टेशनों से दमकल की करीब 18 गाडि़यों को मौके पर बुलाया गया। फैक्ट्री के अंदर रुई व उससे बने सामान अधिक मात्रा में रखे होने से आग धधकती चली गई। अंदर धुंआ भरने से प्रवेश करना भी मुश्किल हो गया था। आग को पूरी तरीके से बुझाने में 15 घंटे से अधिक समय लगा। शुरुआती 8-10 घंटे तक तो दमकल कर्मचारी आग को कंट्रोल करने में ही जुटे रहे, लेकिन आग धधकती ही चली जा रही थी। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन फैक्ट्री का अधिकांश हिस्सा जल गया है। सीएफओ ने बताया कि फैक्ट्री का प्रथम तल, तृतीय व चतुर्थ तल पूरी तरीके से जल गए हैं।

द्वितीय तल पर अधिकांश सामान बच गया है। इस फैक्ट्री के पीछे की तरफ दूसरी फैक्ट्री है। उस तरफ आग को पहुंचने से रोकने में कामयाबी मिली है। आग पर बुझाने के लिए सीएफओ व पांच एफएसओ सहित 50 से अधिक दमकल कर्मचारी जुटे थे।

उन्होंने बताया कि बिल्डिंग के प्रथम तल पर पीछे की तरफ आग पहले लगी थी। आग की घटना की फोरेंसिक जांच चल रही है। उधर, फेज दो के हौजरी कांप्लेक्स स्थित एक सैनिटाइजर बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार रात करीब ढाई बजे आग लग गई। सूचना पर दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं व पूरी तरीके से करीब 11 घंटे में आग बुझाई जा सकी।

फैक्ट्री में कास्मेटिक व सैनिटाइजर होने से आग धधकती चली गई। आग से बिल्डिंग का बेसमेंट, ग्राउंड व प्रथम तल जला है। हालांकि आग से कोई जनहानि या कोई घायल नहीं हुआ है।

सीएफओ ने बताया कि रविवार रात करीब एक साथ ही दोनों जगह पर भीषण आग की घटना हुई थी। जिसकी वजह से आग बुझाने में अग्निशमन कर्मचारियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी, सामान जले हैं लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है।

इससे पहले मई महीने में नोएडा सेक्टर-6 स्थित नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के प्रशासनिक भवन के औद्योगिक लेखा विभाग कार्यालय में सोमवार सुबह भयंकर आग लग गई। इससे कार्यालय में रखीं हजारों फाइलें जल कर खाक हो गईं। इतना ही नहीं, इस आग के चलते कई योजनाओं पर ब्रेक लग सकता है। यहां तक कि महत्वपूर्ण आवासीय भूखंड योजना को धरातल पर लाने में देरी होने की बात कही जा रही है। 

chat bot
आपका साथी