400 करोड़ से बनी पांच किमी एलिवेटेड रोड, गति सीमा 40 किमी प्रतिघंटा

नोएडा नोएडा के एकमात्र एलिवेटेड रोड पर इन दिनों चलने वाले वाहन चालक परेशान हैं। वजह इस मार्ग पर लगे गति सीमा के बोर्ड हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 12:57 AM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 12:57 AM (IST)
400 करोड़ से बनी पांच किमी एलिवेटेड रोड, गति सीमा 40 किमी प्रतिघंटा
400 करोड़ से बनी पांच किमी एलिवेटेड रोड, गति सीमा 40 किमी प्रतिघंटा

जागरण संवाददाता, नोएडा : नोएडा के एकमात्र एलिवेटेड रोड पर इन दिनों चलने वाले वाहन चालक परेशान हैं। वजह इस मार्ग पर लगे गति सीमा के बोर्ड हैं। सड़क की सेंट्रल वर्ज पर गति सीमा के बोर्ड लगे हैं, उन पर भारी वाहनों के गति सीमा 40 किलोमीटर प्रतिघंटा और हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 50 किलोमीटर प्रतिघंटा लिखी है। सड़क के बाहरी तरफ जो नए बोर्ड लगे हैं, उन पर गति सीमा 40 किलोमीटर प्रतिघंटा लिखी हुई है। इन बोर्ड से वाहन चालक समझ नहीं पा रहे कि वे गति सीमा 40 किमी प्रतिघंटा रखें या फिर 50 किमी प्रतिघंटा। तय गति सीमा का उल्लंघन पर वाहन चालान भी हो रहे हैं।

दिल्ली में बने एलिवेटेड रोड बारापूला पर वाहनों के लिए गति सीमा 70 किलोमीटर प्रतिघंटा है। वहीं नोएडा में एलिवेटेड रोड पर गति सीमा को 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तय थी, जिसे अब घटाकर 40 किमी प्रतिघंटा कर दी गई है। वहीं एलिवेटेड रोड के नीचे वाले मार्ग पर गति की कोई सीमा ही नहीं है। वहां वाहन चालक जितनी चाहे, उतनी गति से वाहनों को दौड़ा सकते हैं। वाहन चालकों को समय और ईंधन बचाने के उद्देश्य से करीब 400 करोड़ रुपये खर्च कर पूरी की गई परियोजना पर वाहन चालकों को 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से अधिक की गति से वाहन चलाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में लग रहा है कि प्राधिकरण ने 400 करोड़ रुपये खर्च कर वाहन चालकों के लिए नई परेशानी खड़ी कर दी है। वर्जन..

सर्दी में कोहरे से वाहनों की गति सीमा कम रखनी चाहिए। एलिवेटेड रोड पर फिलहाल गति सीमा 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की गई है। वहां 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति सीमा के बोर्ड भी लगे हैं, लेकिन लोग कम गति सीमा वाले बोर्ड के अनुसार ही वाहनों की गति रखें।

-गणेश प्रसाद साहा, डीसीपी, यातायात पुलिस, गौतमबुद्ध नगर

इस समय एलिवेटेड रोड पर गति सीमा 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तय कर नए बोर्ड लगाए जा चुके हैं। 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति सीमा के बोर्ड जल्द हटाए जाएंगे।

-एससी मिश्रा, प्रभारी, नोएडा ट्रैफिक सेल, प्राधिकरण

chat bot
आपका साथी