हर-हर महादेव के जयकारों से भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक

जलाभिषेक करने को शिवालयों में बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु। शिव चालीसा शिव पुराण पढ़ी व भोलेनाथ का हुआ गुणगान।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Mar 2019 11:46 PM (IST) Updated:Mon, 04 Mar 2019 11:46 PM (IST)
हर-हर महादेव के जयकारों से भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक
हर-हर महादेव के जयकारों से भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक

मुजफ्फरनगर : जनपद में सोमवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। शिवालयों में भगवान आशुतोष को प्रसन्न करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। लंबी-लंबी कतारों में लगकर भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। रुद्राभिषेक के समय शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गुंजायमान रहे। शिवालयों में शिव चालीसा व शिव पुराण पढ़ी गई। शाम भजन सत्संग में भगवान भोलेनाथ का गुणगान किया गया।

सोमवार को सुबह स्नान आदि के बाद श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्रि व्रत रखा। शिवालयों में जाकर भगवान शिव की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। लोगों ने लंबी-लंबी कतारों में लगकर दूध, दही, शहद, घी, शर्करा, गंगाजल, बेलपत्र, कनेर, श्वेतार्क, धतूरे के फूल, कमलगट्टा व नीलकमल आदि चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। शिवालयों में शिव चालीसा, शिव पुराण के पाठ हुए। शाम को शिवालयों में भगवान भोले के भजनों का गुणगान हुआ। भोले के भजनों पर भक्त झूमते-गाते रहे। शिवचौक स्थित शिव मंदिर, गांधीनगर स्थित श्यामा श्याम मंदिर, नवीन मंडी स्थित शिव मंदिर, पंचमुखी स्थित शिव मंदिर, द्वारिकापुरी स्थित शिव मंदिर, श्रीअनंतेश्वर महादेव मंदिर गांधी कालोनी, शिव मंदिर लक्ष्मण विहार, नई मंडी शिव मंदिर व आवास विकास कालोनी स्थित शिव मंदिर आदि में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ घंटे घड़ियाल गूंजते रहे। प्राचीन श्रीश्यामा श्याम मंदिर गांधीनगर में भगवान आशुतोष का पंचामृत अभिषेक हुआ। भगवान का भव्य श्रृंगार किया। शिव विवाह की महिमा का गुणगान किया। ठाकुर जी को होली खिलाई। मुख्य यजमान पवन रहे। कीर्तन में महंत पं. हंसराज भारद्वाज, मनमोहन भारद्वाज, रेखा त्यागी, सरोज शर्मा, सरला शर्मा, शकुंतला शर्मा, नीरज, सुशीला, प्रेरणा बंसल आदि का सहयोग रहा। एटूजेड कॉलोनी के श्रीराधा माधव युगल सरकार मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक हुआ। पुरोहित काशीनाथ व पंडित मोतीराम शास्त्री ने वेद मंत्रों से कार्यक्रम संपन्न कराया। कुलदीप गुप्ता, डा.ओमवीर सिंह, जगमोहन लाल, मांगेराम शर्मा, मनोज मलिक, मनोज सिंह, अमृतपाल डागर, दिनेश गर्ग, सुरेंद्र वर्मा आदि का सहयोग रहा।

शाहपुर क्षेत्र के गांव सांझक शिव पार्वती मंदिर में सैकड़ों कांवड़ियों ने भी भगवान आशुतोष को जलाभिषेक किया। कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर, पीपलेश्वर मंदिर, शिव दुर्गा मंदिर, गोकुला देवी मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, बालाजी धाम, राममंदिर में श्रद्धालुओं ने शिव पूजा कर शिवलिग पर जल चढ़ाया। काकड़ा, पलड़ा, पलड़ी, सोरम, चांदपुर, धन्यान, कमालपुर गांव के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।

chat bot
आपका साथी