डीएम ने विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों की ली बैठक

लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राजनीतिक दलों के साथ पुलिस प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता लगते ही तैयारी तेज कर दी है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Mar 2019 11:36 PM (IST) Updated:Sun, 10 Mar 2019 11:36 PM (IST)
डीएम ने विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों की ली बैठक
डीएम ने विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों की ली बैठक

मुजफ्फरनगर : लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राजनीतिक दलों के साथ पुलिस प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता लगते ही तैयारी तेज कर दी है। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को नामांकन करने के तरीके और चुनाव आयोग की ओर से किए गए बदलाव के बारे में डीएम ने जानकारी दी। इस बार प्रत्याशी को शपथ पत्र के स्थान पर प्रारूप-26 पर पूर्ण ब्योरा देना होगा। रविवार देर रात तक शहर से राजनीतिक दलों के होर्डिग्स उतारे गए।

जिला पंचायत सभागार में डीएम अजय शंकर पांडेय ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी आदर्श आचार संहिता का पालन करे। शांतिपूर्ण चुनाव करने में मददगार बने। इससे जनपद की अच्छी छवि दूर तक जाएगी। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट का प्रकाशन कर दिया गया है। यदि किसी को आपत्ति है तो अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। किसी का नाम मतदाता सूची से छूट गया है तो उसकी भी सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल पर तैयारी पूरी की जा रही है। सभी नागरिक इस कार्य में सहयोग करे। इस बार चुनाव आयोग से नामांकन को लेकर कुछ बदलाव किए गए हैं। प्रत्याशी को सरकारी देनदारियों के अतिरिक्त शपथ पत्र देना होता है। इस बार प्रारूप-26 में ही इसे निहित किया गया है। अगल से देनी की जरूरत नहीं है। प्रत्याशी को इसी प्रारूप पर आपराधिक मामले की पूरी जानकारी देनी होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीति दल, प्रत्याशी और पदाधिकारी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीएम ने कहा कि ईवीएम को लेकर यदि किसी को कोई संकोच है तो उसे दूर कर दिया जाएगा। इस बार वीवी पैट के माध्यम से वोटर को एक पर्ची भी दिखाई देगी, जिसमें डाली गई वोट का चुनाव चिह्न दिखाई देगा। वोटिग के बाद सात सैकेंड तक पर्ची दिखाई देगी। इस दौरान एडीएम अमित सिंह ने ईवीएम से वोटिग और नई तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं आचार संहिता लगने के बाद देर रात तक महावीर चौक, शिवचौक, प्रकाश चौक आदि स्थानों से होर्डिग्स और बैनर उतारे गए।

chat bot
आपका साथी