समाजवादी पार्टी ने अमरोहा में बदले प्रत्याशी, जानें किस नेता को कहां से बनाया गया उम्मीदवार

UP Election 2022 प्रत्याशी घोषित करने के मामले में समाजवादी पार्टी में लगातार समीकरण बदल रहेे है। ताजा मामले में सपा ने पूर्व विधायक कमाल अख्तर को नौगावां सादात सीट से हटा कर पूर्व विधायक समरपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया है। कमाल को कांठ से उम्मीदवार बनाया।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Thu, 20 Jan 2022 05:42 PM (IST) Updated:Thu, 20 Jan 2022 05:42 PM (IST)
समाजवादी पार्टी ने अमरोहा में बदले प्रत्याशी, जानें किस नेता को कहां से बनाया गया उम्मीदवार
कमाल अख्तर को कांठ से प्रत्याशी घोषित किया

अमरोहा, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Election 2022 : जिले में समाजवादी पार्टी गठबंधन प्रत्याशी घोषित करने के मामले में लगातार समीकरण बदल रही है। इसी क्रम में सपा ने पूर्व विधायक कमाल अख्तर को नौगावां सादात सीट से हटा कर यहां से पूर्व विधायक समरपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया है। जबकि कमाल अख्तर को कांठ विस क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। तीन दिन पहले गठबंधन की ओर से सपा ने अमरोहा व नौगावां सादात विस सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा की थी।

अमरोहा से विधायक महबूब अली तो नौगावां सादात से पूर्व विधायक कमाल अख्तर को प्रत्याशी घोषित किया गया था। हालांकि कमाल अख्तर के हसनपुर से ही प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चाएं थीं, लेकिन उन्हें नौगावां सादात सीट से प्रत्याशी बनाकर सपा ने सारी अटकलों पर विराम लगा दिया था। अब बुधवार को फिर से प्रत्याशी बदल दिए गए हैं। सपा जिला उपाध्यक्ष नवनीत गोला ने बताया कि पार्टी हाईकमान ने कमाल अख्तर को नौगावां सादात से हटाकर कांठ विस क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है।

उनके स्थान पर पूर्व विधायक समरपाल सिंह को नौगावां सादात विस क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया है। समरपाल 1993 में मुरादाबाद पश्चिम सीट से जनता दल से विधायक रह चुके हैं। इसके बाद वह समाजवादी पार्टी से उसी सीट पर दो बार और चुनाव लड़े मगर करीबी मुकाबले में वह शिकस्त खा गए थे। समरपाल मूलरूप से गांव अमरोहा के गांव भेड़ा भरतपुर थाना नौगांवा सादात के मूल निवासी हैं और मौजूदा समय में आवास विकास मुरादाबाद में रहते हैं।

chat bot
आपका साथी