भारतीय प्याज ने छीनी मिस्र के प्याज की लाली Moradabad News

थोक में 33 रुपये में बिक रहा भारतीय प्याज स्थानीय बाजारों में कीमत 45 से 55 रुपये प्रति किलो

By Narendra KumarEdited By: Publish:Wed, 15 Jan 2020 01:30 PM (IST) Updated:Wed, 15 Jan 2020 01:30 PM (IST)
भारतीय प्याज ने छीनी मिस्र के प्याज की लाली Moradabad News
भारतीय प्याज ने छीनी मिस्र के प्याज की लाली Moradabad News

मुरादाबादजेएनएन।  चंद रोज पहले जो भारतीय प्याज ऊंची कीमत के कारण जनता को रुला रहा था वहीं प्याज अब उद्यान विभाग के अधिकारियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।

मामला एक महीने पहले का है, जब मंडी में भारतीय प्याज की आवक कम हुई और कीमतें आसमान छूने लगीं तो केंद्र सरकार ने मिस्र से लाल प्याज का आयात कर भारतीय प्याज के बढ़ रहे दामों पर नियंत्रण करने की कोशिश की। पिछले हफ्ते यह प्याज सभी जिलों में उपलब्ध भी हो गई। सभी जिलों में चयनित स्थानों पर मिस्र के प्याज के स्टॉल लगाए गए। भारतीय प्याज की कीमत ज्यादा होने के कारण ग्राहकों ने मिस्र का प्याज खरीदना प्रारंभ कर दिया।

मंडी में आवक बढऩे के बाद भारतीय प्याज की कीमत जैसे ही मिस्र के प्याज की कीमत से नीचे पहुंची ग्राहकों का मोह मिस्र की प्याज से भंग हो गया है। मंडी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि भारतीय प्याज का थोक मूल्य 33 रुपये प्रति किलो तक आ गया है, वहीं यह प्याज स्थानीय बाजारों और ठेलों पर 45 से 55 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। सरकार की ओर से मिस्र के प्याज की कीमत 65 रुपये प्रति किलो रखी गई थी। भारतीय प्याज के दामों में गिरावट की सूचना जिला उद्यान विभाग की ओर से उद्यान निदेशक ,मंडलीय अधिकारी और संबंधित संस्था को लिखित और मौखिक दे दी गई है।

जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि वह अगले निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। यह भी बताया गया है कि मिस्र के प्याज को अगर ज्यादा समय तक रखा गया तो खराब भी हो सकता है।

नहीं लग रहे प्याज के स्टॉल

मंडलीय अधिकारी के निर्देशन पर प्याज के तीन विक्रय केंद्र नगरीय जबकि एक ग्रामीण क्षेत्र में लगाया गया। शुरुआत में मिस्र के प्याज की जमकर बिक्री हुई। भारतीय प्याज के दामों में भारी गिरावट आने के बाद विभाग की ओर से अगले आदेश आने तक मिस्र के प्याज के विक्रय केंद्र को बंद कर दिया गया है।

भारतीय प्याज के दामों में गिरावट के बारे में उद्यान निदेशक, मंडलीय अधिकारी और नैफेड के एमडी को सूचित कर दिया गया है। अगले आदेश का इंतजार किया जा रहा है।

- सुनील कुमार, जिला उद्यान अधिकारी। 

chat bot
आपका साथी