प्रदेश में भयमुक्त माहौल, फिर बनेगी भाजपा सरकार
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष बनाए गए जसवंत सिंह सैनी गुरुवार को मुरा
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष बनाए गए जसवंत सिंह सैनी गुरुवार को मुरादाबाद पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। भाजपा कार्यालय पर उन्होंने पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद पत्रकार वार्ता में अपनी योजनाओं के बारे बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से पिछड़ा वर्ग के सदस्यों के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं चलाई हैं, हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोगों ने पार्टी में विश्वास जताया है, तभी हमने 2017 में सरकार बनाई और फिर 2019 के लोकसभा चुनाव में जबरदस्त सफलता प्राप्त की। मैं पहले से ही आयोग के उपाध्यक्ष के तौर काम कर रहा हूं, अब भी वही कार्य करेंगे। जो भी योजनाएं पहले से चल रही हैं, उनके बेहतर क्रियान्वयन का कार्य किया जाएगा। किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि हमें पिछले साल में पिछड़ा वर्ग के लोगों की सात हजार शिकायतें मिलीं, उनमें चार हजार शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। हमारी सफलता भी इसी में निहित है। यही कारण है कि भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है। हमारी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी को समाप्त कर भयमुक्त वातावरण तैयार किया है। हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किया, कोरोना काल में प्रदेश के व्यवस्था की डब्ल्यूएचओ ने भी तारीफ की। हम अपने कार्यों के बल पर 2022 में फिर से सरकार बनाएंगे। चुनाव में मुद्दों और चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सब शीर्ष नेतृत्व तय करता है। उनके साथ महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, नगर विधायक रितेश गुप्ता आदि रहे।