अयोध्‍या में राममंदिर पर बढ़ी बयानबाजी, भाजपा के पूर्व जिलाध्‍यक्ष बोले-राम मंदिर था, और रहेगा

सम्‍भल सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क के बयान पर भाजपा के पूर्व जिलाध्‍यक्ष ने पलटवार किया। वहीं सांसद के पुत्र ने कहा कि भाजपा सियासी रोटियां सेंक रही है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 07 Aug 2020 07:54 PM (IST) Updated:Fri, 07 Aug 2020 07:54 PM (IST)
अयोध्‍या में राममंदिर पर बढ़ी बयानबाजी, भाजपा के पूर्व जिलाध्‍यक्ष बोले-राम मंदिर था, और रहेगा
अयोध्‍या में राममंदिर पर बढ़ी बयानबाजी, भाजपा के पूर्व जिलाध्‍यक्ष बोले-राम मंदिर था, और रहेगा

सम्‍भल, जेएनएन। सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क द्वारा राम मंदिर निर्माण पर बयान देने के बाद राजनीतिक बयानबाजी बढ़ गई है। शुक्रवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल ने प्रेसवार्ता में कहा कि देश कानून से चलता है और अयोध्या में राम मंदिर था, है और रहेगा। राम मंदिर बनने से कोई भी रोक नहीं सकता है। समाज में इसे लेकर वैमनस्यता फैलाने वालों पर कार्रवाई हाेनी चाहिए।

 पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि दुनिया की कोई ताकत मंदिर के निर्माण को नहीं रोक सकती है। उन्होंने कहा कि देश केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर चलेगा। यह देश शरीयत व शरारत कर विवाद पैदा करने वालों से नहीं चलेगा। व्यक्ति चाहे कितना बड़ा क्यों ना हो संविधान के नियमों का पालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करना हम सभी देशवासियों का फर्ज है, लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग देश से बढ़कर अपनी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।

सांसद पुत्र बोले जान बूझकर गिराई गई मस्जिद

सपा सांसद डाॅ. शफीकुर्रहमान बर्क के पुत्र मौलाना ममलूकुर्रहमान बर्क ने जारी बयान में कहा कि वर्ष 1992 में तत्कालीन भाजपा सरकार में कुछ संगठनों ने मस्जिद गिराई थी जबकि उस समय यह मामला न्यायालय में विचाराधीन था। घटना में शामिल लोगों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई। अब भाजपा मंदिर के जरिए अपनी सियासी रोटी सेंंक रही है। चीन बार्डर पर आंखें दिखा रहा है, कोरोना से देश परेशान है,कई राज्य में लॉकडाउन व बंदी है जबकि मंदिर के जरिए शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया गया। मस्जिद एक बार बन गई तो वह रहेगी। मुसलमानों को खौफजदा रहने की जरूरत नहीं है। धैर्य रखें। अल्लाह के भरोसे जिंदा हैं और आगे भी रहेंगे।

chat bot
आपका साथी