Rampur Loksabha By-Election Result 2022: तस्वीरों में देखें मतगणना के दौरान कितनी कड़ी है सुरक्षा-व्‍यवस्‍था, कैसा है माहौल

Rampur Loksabha By Election Result मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। मतगणना एजेंटों को जांच-पड़ताल के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। कोई भी मोबाइल नहीं ले जा सकता। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं।

By Vivek BajpaiEdited By: Publish:Sun, 26 Jun 2022 06:10 AM (IST) Updated:Sun, 26 Jun 2022 08:05 AM (IST)
Rampur Loksabha By-Election Result 2022: तस्वीरों में देखें मतगणना के दौरान कितनी कड़ी है सुरक्षा-व्‍यवस्‍था, कैसा है माहौल
मंडी समिति में मतगणना स्‍थल के बाहर तैनात पुलिस फोर्स।

रामपुर, जागरण संवाददाता। लोकसभा उपचुनाव के नतीजों का इंतजार अब खत्‍म हो गया। सुबह आठ बजते ही मतगणना शुरू हो गई। सुबह से ही मतगणना के लिए कर्मचारी और एजेंट मंडी समिति पहुंचने लगे थे। मंडी के गेट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है।  जांच पड़ताल के बाद ही अंदर जाने दिया गया। मतगणना स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है। स्वार रोड और  पुलिस लाइन के पास भी फोर्स लगी है। 

यहां क्लिक करके जानिए रामपुर लोकसभा उपचुनाव के परिणाम का ताजा अपडेट 

मतगणना एजेंटों को जांच-पड़ताल के बाद ही अंदर जाने दिया गया। किसी को भी मोबाइल अंंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना के लिए 14-14 टेबिल लगाई गई हैं। मतगणना राउंडवार होगी। स्वार-टांडा और चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में 27 राउंड होंगे, जबकि बिलासपुर में 30, रामपुर शहर में 33 और मिलक विधानासभा क्षेत्र में 32 राउंड में गिनती होगी। इस तरह पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 149 राउंड होंगे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला भी मतगणना स्थल पर मौजूद हैं। गणना केंद्र का जायजा ले रहे हैं। जिलाधिकारी का कहना है कि मतगणना पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी कराई जा रही है। सभी मतगणना कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वोटों की गिनती में किसी भी तरह की गड़बड़ी न होने पाए। दोपहर एक बजे तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद है। इसके साथ ही नए सांसद के नाम की भी घोषणा कर दी जाएगी।

पुलिस अफसरों ने लिया जायजा:  अपर पुलिस महानिदेशक राजकुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक शलभ माथुर व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने भी मतगणना स्‍थल का जायजा लिया। मतगणना के दौरान कड़े सुरक्षा प्रबंध रखने पर जोर दिया। जिले में अन्य स्थानों पर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि मतगणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे हैं। मतगणना स्थल के आसपास अर्द्धसैनिक बल के 400 जवान तैनात हैं। जिले में निषेधाज्ञा लागू है। ऐसे में विजय जूलूस निकालने पर भी पाबंदी है। अगर किसी ने जुलूस निकालने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज: लोकसभा उपचुनाव में छह प्रत्याशी हैं, लेकिन मुकाबला सपा और बाजपा के बीच है। दोनों में कांटे की टक्कर है। भाजपा से घनश्याम सिंह लोधी और सपा से आसिम राजा प्रत्याशी हैं। 2019 में हुए चुनाव में आजम खां सांसद चुने गए थे। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में वह रामपुर शहर से 10वीं बार विधायक चुने गए। इसके बाद सांसद के पद से त्यागपत्र दे दिया। इसी कारण यहां उपचुनाव हुआ है। आसिम राजा भी आजम खां के बहुत करीबी है, इसलिए इस चुनाव में आजम खां की प्रतिष्ठा भी दाव पर लगी है। बसपा और कांग्रेस ने इस चुनाव में कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। दोनों पार्टियों के जिलाध्यक्षों ने नोटा का बटन दबाने की बात कही थी। इनकी बात का कितना असर हुआ और नोटों का बटन कितने लोगों ने दबाया। इसका खुलासा भी चुनाव के नतीजे सामने आने पर हो जाएगा।

आठ जोन में बांटा मतगणना स्थल, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल : लाेकसभा उप चुनाव को लेकर रविवार को होने वाली मतगणना के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। मतगणना मंडी समिति पर होगी। ऐसे में मतगणना स्थल को आठ जोन में बांटा गया है। यहां चप्पे-चप्पे पर सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों का पहरा होगा। मतगणना स्थल पर आठ क्षेत्राधिकारी, 21 थाना प्रभारी, नौ निरीक्षक अपराध, 175 उप निरीक्षक, 1050 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 250 महिला आरक्षी, 40 यातायात पुलिस, पांच कंपनी सीमा सुरक्षा बल, नौ कंपनी पीएसी बल तैनात किया गया है। इसके अलावा आठ फायर टेंडर, पांच मोबाइल पार्टी, 10 पार्किंग स्थल, 10 बैरियर तथा शहर क्षेत्र में 25 स्थानों व देहात क्षेत्रों में 70 स्थानों पर पिकेट लगाई गई है।

chat bot
आपका साथी