रामपुर में अधिकारियों से अब सीधे नहीं मिल सकेंगे फरियादी, शिकायत पेटिका में डालनी होगी अर्जी

जिले में लगातार बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्‍या को देखते हुए सरकारी कार्यालयों में अब सीधे मुलाकात पर रोक लगा दी गई है। 48 घंटे बाद शिकायत पेटिका खुलेगी।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 07 Aug 2020 12:44 PM (IST) Updated:Fri, 07 Aug 2020 12:44 PM (IST)
रामपुर में अधिकारियों से अब सीधे नहीं मिल सकेंगे फरियादी,  शिकायत पेटिका में  डालनी होगी अर्जी
रामपुर में अधिकारियों से अब सीधे नहीं मिल सकेंगे फरियादी, शिकायत पेटिका में डालनी होगी अर्जी

रामपुर (मुस्लेमीन)। कोरोना के बढ़़ते प्रकोप से अफसर भी चौकन्ने हो गए हैं। अब वे फरियादियों से सीधे नहीं मिल रहे हैं। उनके पास पहुंचने से पहले ही फरियादी को रोक दिया जाता है। शिकायत पेटिका में उसकी अर्जी डलवा दी जाती है। एसपी ने तो कलेक्ट्रेट के गेट पर शिकायत पेटिका रखवा दी है। इसे 48 घंटे बाद खोला जाता है। दूसरे अफसर भी शिकायतों को 48 घंटे बाद ही हाथ में ले रहे हैं। ऐसा कोरोना से बचाव के लिए किया जा रहा है। अगर किसी शिकायती पत्र में वायरस है तो 48 घंटे में उसका असर खत्म हो जाएगा। दरअसल जिलाधिकारी के आवास, दफ्तर, थाने, सीएमओ आफिस में भी कोरोना संक्रमित कर्मचारी मिले हैं। बैंक प्रबंधक और सीएमओ आफिस के कर्मचारी की तो मौत भी हो चुकी है। इसी लिए अफसर चौकन्ने हैं।

कलेक्ट्रेट के गेट पर रखी पेटी

थानों में लगातार पुलिस कर्मियों के कोरोना संक्रमित होने पर पुलिस अफसर भी फिक्रमंद हो गए हैं। कोरोना से बचाव के लिए अब फरियाद लेकर आने वाले लोगों की दफ्तरों में एंट्री नहीं हो सकेगी है। उनकी फरियाद के लिए कलेक्ट्रेट गेट पर शिकायत पेटियां रखवा दी हैं। फरियादी इन पेटियों में शिकायत डालेंगे और 48 घंटे बाद ये शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी जाएंगी। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने कलेक्ट्रेट गेट पर शिकायत पेटियां रखवा दी हैं। कोई भी व्यक्ति पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पेटी में डाल सकता है। यहां सुबह साढ़े नौ बजे से 11 बजे तक पुलिस शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी राजेश बैसला की ड्यूटी लगाई है। वह पेटी में आने वाली शिकायतों को 48 घंटे तक ज्यों की त्यों रख देंगे। समय अवधि पूरी होने के बाद अधिकारियों के सामने शिकायतों को पहुंचाया जाएगा। यदि किसी फरियादी की समस्या इमरजेंसी की है तो उसकी बात तुरंत सुनी जाएगी।

थाने भी हो गए थे सील

जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 14 सौ के पार पहुंच गया है। 20 लोगों की मौत भी हो चुकी है। कोरोना की चपेट में अब सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी भी आने लगे हैं। कोरोना संक्रमित मिलने पर सिविल लाइंस, स्वार, शहर कोतवाली और गंज कोतवाली सील भी हो गई थीं। 

chat bot
आपका साथी