भाजपा सरकार के राज्यमंत्री बलदेव औलख समेत 80 पर आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज

UP Election 2022 उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर के थाना खजुरिया में पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी एवं जल शक्ति राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख समेत दो को नामजद करते हुए 80 समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता और कोविड अधिनियम के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Thu, 27 Jan 2022 04:34 PM (IST) Updated:Thu, 27 Jan 2022 04:34 PM (IST)
भाजपा सरकार के राज्यमंत्री बलदेव औलख समेत 80 पर आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज
UP Election 2022 : राज्यमंत्री समेत किसी भी व्यक्ति ने मुंह पर मास्क तक नहीं लगाया था।

रामपुर, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Election 2022 : थाना खजुरिया पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी एवं जल शक्ति राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख समेत दो को नामजद करते हुए 80 समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता और कोविड अधिनियम के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशी धड़ल्ले से चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन करने में लगे हैं। मंगलवार की सुबह भाजपा प्रत्याशी एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख ने खजुरिया थाना क्षेत्र के गांव बेगमाबाद में बैंक आफ बड़ौदा के निकट एक मैदान में जनसभा की। जनसभा में बड़ी संख्या लोग मौजूद थे।

राज्यमंत्री समेत किसी भी व्यक्ति ने मुंह पर मास्क तक नहीं लगाया था। इसी बीच जनसभा के दौरान इसकी सूचना किसी व्यक्ति ने खजुरिया पुलिस को दे दी। उपनिरीक्षक परमेश्वरी दयाल गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जब मौके पर भीड़ देखी तो लोगों को समझाया और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।

शाम तीन बजे राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख और उनके बहनोई बूटा सिंह समेत 80 समर्थकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। उपनिरीक्षक की और से दर्ज मुकदमा चुनाव आचार संहिता व कोविड अधिनियम के उल्लंघन समेत छह धाराओं में किया गया है। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने मुकदमा लिखे जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।

अमरोहा में आचार संहिता उल्लंघन में तीन नामजदः अमरोहा के नोगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में बसपा प्रत्याशी का पुतला फूंकने व एक बसपा नेता के समर्थन में नारेबाजी करने वाले ग्रामीण कार्रवाई की जद में आ गए हैं। तीन लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अज्ञात पर भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद डिडौली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पायती कलां का है।

यह गांव नोगावां विधानसभा क्षेत्र में आता है। बुधवार को गांव के लोगो ने बसपा प्रत्याशी शादाब टाटा को बाहरी बताते हुए उनका पुतला फूंक कर विरोध दर्ज कराया था। साथ ही बसपा नेता फुरकान अहमद के समर्थन में नारेबाजी की थी। ग्रामीण फुरकान अहमद को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग कर रहे थे। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।

इसका संज्ञान लेते हुए डिडौली पुलिस ने गांव के इरशाद, शाहिद व सुल्तान को नामजद किया है। जबकि 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी आचार संहिता व कोविड 19 अधिनियम उल्लंघन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि वीडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी