भैया दूज का त्योहार आज, जानिए किस मुहूर्त में तिलक करना होगा शुभ Moradabad News

इस बार कई चरण में शुभ मुहूर्त मुहूर्त की अवधि में ही करें तिलक। दोपहर तीन से 4.30 बजे तक राहू काल इस अवधि में नहीं करें तिलक।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Tue, 29 Oct 2019 12:54 AM (IST) Updated:Tue, 29 Oct 2019 09:05 AM (IST)
भैया दूज का त्योहार आज, जानिए किस मुहूर्त में तिलक करना होगा शुभ Moradabad News
भैया दूज का त्योहार आज, जानिए किस मुहूर्त में तिलक करना होगा शुभ Moradabad News

मुरादाबाद, जेएनएन। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया को भैया दूज का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन बहन, भाई का तिलक कर लंबी आयु की कामना करेंगी। इस बार इस दिन कई चरण में शुभ मुहूर्त है और मुहूर्त की अवधि में ही तिलक किया जाना चाहिए। 

इस बार भाई दूज या यम द्वितीया 29 अक्टूबर को मनाई जाएगी। सुबह 7: 50 से नौ बजे तक तिलक करने का अच्छा मुहूर्त है। इसके बाद श्रेष्ठ मुहूर्त अभिजीत सुबह 11.36 से 12.24 तक रहेगा। इस मुहूर्त में तिलक करना सबसे अति उत्तम माना जाता है। दोपहर दो से तीन बजे तक भी भाई का तिलक कर सकती हैं। तीन बजे के बाद 4.30 बजे तक राहू काल रहेगा। इस अवधि में तिलक करना उचित नहीं है। राहू काल खत्म होने के बाद शाम 4.30 बजे से छह बजे तक भाई का तिलक किया जा सकता है।

भाई दूज की मान्यता

कार्तिक शुक्ल द्वितीया को पर्व काल में यमुना ने यमराज को अपने घर पर सत्कार पूर्वक भोजन कराया। उस दिन नारकी जीवों को यातना से छुटकारा मिला और उन्हें तृप्त किया गया। वे पा-मुक्त होकर सब बंधनों से छुटकारा पा गये और सब के सब यहां अपनी इच्छा के अनुसार संतोष पूर्वक रहे। उन सब ने मिलकर एक महान उत्सव मनाया जो यमलोक के राज्य को सुख पहुंचाने वाला था। इसीलिए यह तिथि तीनों लोकों में यम द्वितीया के नाम से विख्यात हुई। इस दिन जो मनुष्य अपनी बहन के हाथ का उत्तम भोजन करता है, उसे उत्तम भोजन समेत धन की प्राप्ति होती है। 

शुभ मुहूर्त के अनुसार बहनें भाई का तिलक कर सकती हैं। भाई अगर बहनों के घर जाकर तिलक करवाते हैं तो यह अति उत्तम रहेगा। सुबह 7.50 बजे से शुभ मुहूर्त शुरू होगा। 

पंडित सतीश चंद्र खंडूरी, शक्ति लोक शिवालय, लोकोशेड।  

भैया दूज के लिए बसों की होगी विशेष व्यवस्था

भैया दूज के लिए रोडवेज ने बसों की विशेष व्यवस्था की है। लम्बी दूरी के बजाय कम दूरी वाली बसों का संचालन किया जाएगा। 

मंगलवार को भैया दूज है। रोडवेज प्रशासन मंडल भर में छह सौ स्पेशल बसें चलाएगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (मुरादाबाद) संदीप कुमार नायक ने बताया भैया दूज पर लम्बी दूरी की बजाय कम दूरी के लिए महिलाएं सफर करती हैं। इस लिए लंबी दूरी की बसों नहीं चलाई जाएंगी। मुरादाबाद से सम्भल, चन्दौसी, अमरोहा, गजरौला, बिजनौर, धामपुर रामपुर बरेली आदि स्थानों के बसें चलेंगी। प्रत्येक पांच मिनट में बसें उपलब्ध कराई जाएगी। 

chat bot
आपका साथी