दबंगई : मंत्री का भांजा बताने वाले ने किया दो बहनों के अपहरण का प्रयास

मुरादाबाद में मंत्री का भांजा बताने वाले युवक ने साथियों के साथ विवाह समारोह में दबंगई दिखाई। बहनों से छेड़छाड़ की और विरोध पर अपहरण का प्रयास भी किया।

By RashidEdited By: Publish:Fri, 23 Nov 2018 02:11 AM (IST) Updated:Fri, 23 Nov 2018 07:07 AM (IST)
दबंगई : मंत्री का भांजा बताने वाले ने किया दो बहनों के अपहरण का प्रयास
दबंगई : मंत्री का भांजा बताने वाले ने किया दो बहनों के अपहरण का प्रयास

मुरादाबाद :हरथला स्थित बैंक्वेट हाल के मंडप से शोहदे ने साथियों के साथ दो बहनों को उठाने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों को जमकर पीटा। भाई ने भीड़ की मदद से दो आरोपित को पकड़कर धुन दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सुबह थाने में भी लड़कियों को घर से उठाने की धमकी दी। शोहदा खुद को मंत्री का भांजा बता रहा है। थाना सिविल लाइन के हरथला स्थित बैंक्वेट हाल में मुहल्ले के ही युवक की शादी का समारोह चल रहा था। शादी में हरथला सब्जी मंडी में रहने वाले दंपती और उनकी तीन बेटियां और एक बेटा भी आए थे। दंपती और उनकी एक बेटी कार्यक्रम में कुछ देर रुककर चले गए जबकि दो बेटियां और बेटा रह गए।

पहले की बहनों से छेड़छाड़ 

रात करीब 11 बजे दोनों बहनों पर हरथला के रहने वाले युवक ने कमेंट करने शुरू कर दिए। उनमें एक नेता जी का भांजा था। पांचों युवकों ने दोनों बहनों को उठाने की कोशिश की। विरोध किया तो बहनों की पिटाई कर दी। भाई ने पहुंचकर शोर मचाया तो भीड़ ने उनमें से दो लड़कों को पकड़कर पीट दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। भीड़ की पिटाई से घायल युवकों का अस्पताल भेजा गया। गुरुवार को दोनों लड़कियां परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची। इसी बीच आरोपित पक्ष के लोगों ने दोनों बहनों को थाने के अंदर ही घेर लिया और घर से उठाकर ले जाने की धमकी देने लगे। 

मंत्री का नाम लेने से सहमी पुलिस 

मारपीट करने वाला एक आरोपित मंत्री का नाम लेकर पुलिस के आला अफसरों को कॉल कराकर रिपोर्ट नहीं लिखने की हिदायत देता रहा। शायद यही वजह रही कि पुलिस करीब दो घंटे तक लड़कियों से शिकायत पत्र ही लिखवाती रही। बाद में कह दिया कि दोनों पक्षों का समझौता करा दिया जाएगा। बिना मुकदमा दर्ज किए ही दोनों लड़कियों को लौटा दिया। आरोपित पक्ष के लोग थाने में ही लड़कियों को जान से मारने और उठाने की धमकी देने लगे। पूरा वाकया इंस्पेक्टर क्राइम के सामने हो रहा था। उसके बाद भी वो मामले को दरकिनार कर रहे थे। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष मारपीट करने पर आमदा हो गए। उसके बाद महिला एसआइ गीता सिंह ने दोनों पक्ष के लोगों को शांत किया। हालांकि आरोपित पक्ष उसके बाद भी लड़कियों को थाने से बाहर निकलने की धमकी देने लगा। आरोपित पक्ष के चले जाने के करीब एक घंटे बाद लड़कियां थाने से घर लौटीं।

chat bot
आपका साथी