दांतों में पायरिया रोग होने पर न बरतें लापरवाही, कराएं इलाज

जागरण संवाददाता मीरजापुर दांतों में कई तरह की बीमारी होती है। इनमें पायरिया खोढ़र

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Jan 2022 07:48 PM (IST) Updated:Wed, 12 Jan 2022 07:48 PM (IST)
दांतों में पायरिया रोग होने पर न बरतें लापरवाही,  कराएं इलाज
दांतों में पायरिया रोग होने पर न बरतें लापरवाही, कराएं इलाज

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : दांतों में कई तरह की बीमारी होती है। इनमें पायरिया, खोढ़रा, मसूड़ों का सड़ना, दांत का घिसना, दांत में पस आना आदि शामिल है। प्रत्येक बीमारी गंभीर होती है। सबसे गंभीर बीमारी पायरिया रोग होता है। इसके होने से मसूड़ों से खून आने लगता है। मुंह से बदबू देता है। इसके अलावा मसूड़े सड़ने लगते हैं। इसका समय पर इलाज नहीं किया गया तो दांत धीरे-धीरे झड़ने लगते हैं। इसलिए यह बीमारी जैसे ही हो, तत्काल इलाज करा लें।

एक-दो साल लापरवाही बरतने पर यह बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। इसके अलावा दांत में कीड़़े पड़ना, पस आना, दांत का घीसना आदि बीमारी भी गंभीर होती है। साथ ही गुटखा खाने से मसूड़े सड़ने लगते हैं। घाव होने पर यह धीरे-धीरे कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का रूप ले लेते हैं। इसलिए जैसे ही दांत में कोई बीमारी हो, तत्काल डाक्टर को दिखाकर सलाह लें। समय से किसी भी रोग का इलाज कराने पर उसका निदान हो जाता है। इलाज नहीं कराने पर परिणाम गंभीर हो जाते हैं। ये जानकारी दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम हैलो डाक्टर में दंत रोग विशेषज्ञ डा. मनोज कुमार मिश्रा बुधवार को कलेक्ट्रेट रोड स्थित कार्यालय में कही। प्रस्तुत है बातचीत के प्रमुख अंश-

--------------------------------------- सवाल : दांत में पानी लगता है तो क्या करें।

जवाब : ऐसा दांत और मसूड़ों के घिसने से होता है। इसके लिए चिकित्सक से संपर्क कर अपने दांत को दिखाएं। फिलहाल थार्मोसिन मंजन लेकर करें, राहत मिलेगी।

सवाल : मुंह से बदबू आता है, इलाज बताएं।

जवाब : आपको दांतों में पायरिया रोग हो गया है। यह रोग दांतों के मसूड़ों से खून आने से होता है। इसका जल्द इलाज कराएं। ऐसा नहीं करने से कुछ सालों बाद दांत झड़ने लगेंगे।

सवाल : दांतों में अक्सर दर्द होता है, इलाज बताएं।

जवाब : दांत के मसूड़ों में सूजन आने से ऐसा होता है। इसके लिए किसी दंत रोग विशेषज्ञ को दिखाकर इलाज कराएं। ठीक हो जाएगा।

सवाल : मेरा दांत कई महीनों से हिल रहा है। खाना खाते समय दर्द भी होता, कैसे ठीक होगा।

जवाब : यह पायरिया रोग के लक्षण हैं। किसी दांत के डाक्टर को दिखाएं और तत्काल इलाज शुरू करा दें, तभी राहत मिलेगी।

सवाल : दांत के मसूड़ों से खून आ रहे हैं। पस भी हो रहा है।

जवाब : यह पायरिया रोग है। डाक्टर को दिखाकर इलाज कराएं। देर करने पर रोग अधिक बढ़ेगा।

सवाल : दांत में अक्सर दर्द होता है। क्या करें कि राहत मिले।

जवाब : दांत में कीड़े पड़ने से ऐसा होता है जिसको आम बोलचाल की भाषा में खोड़रा कहते हैं। इसमें दवा का मसाला भरने से ठीक हो जाएगा।

सवाल : ठंडा पानी पीने पर दांत में झनझनाहट होता है, कोई उपाय बताएं।

जवाब : दांत घिसने से ऐसा होता है या फिर गैस बनने से, जब आप डकार लेते हैं तो उससे मसूड़ों पर असर पड़ता है और उनको नुकसान पहुंचता है। डाक्टर को दिखाएं।

सवाल : दांत में दाग है। कैसे साफ होगा।

जवाब : ऐसा पान या गुटखा खाने से हो जाता है। इसके लिए दांत को साफ कराना पड़ेगा, तभी साफ होगा।

सवाल : दांत के मसूड़ों से खून आता है। बदबू भी आता है।

जवाब : यह पायरिया रोग से होता है। तत्काल किसी दांत के डाक्टर को दिखाकर इलाज कराएं। फिलहाल थर्मोसिन मंजन लेकर करें। राहत मिलेगी।

सवाल : दादी जमहाई लेती हैं तो उसका जबड़ा ऊपर की तरफ खुला रह जाता है। इलाज बताएं।

जवाब : उम्र अधिक होने पर इस तरह की बीमारी होती है। पीछे से ज्वाइंट होता है व लाक हो जाता है। जमहाई के दौरान सावधानी बरतें, ऐसा नहीं होगा।

सवाल : दांत के मसूड़ों में अक्सर सूजन हो जाता है। दर्द भी होता रहता है। इलाज बताएं ।

जवाब : मसूड़ों में बार-बार सूजन आना पायरिया रोग के लक्षण हैं। इसका तत्काल इलाज कराएं, तभी ठीक होगा।

सवाल : मेरे दांत घिसते जा रहे हैं, क्या करें।

जवाब : ऐसा है तो ब्रश कम करें। उंगली से मंजन करें। डाक्टर दिखाकर इलाज कराएं। ठीक हो जाएगा।

---------------------------------- इन्होंने पूछे सवाल

सुनील अग्रहरी निवासी कन्हईपुर, शिव कुमार यादव हिनौता मड़िहान, विजय बहादुर सिंह मड़िहान, रामचंदर बामी लालगंज, लालमनी यादव गोपालपुर, आनंद श्रीवास्तव शेरवां जमालपुर, लक्षमीकांत गुप्ता चुनार, प्रियांशु दूबे कलवारी, राजेश मौर्या लोवर लाइन चुनार, रविद्र पाल कलवारी, दिनेश यादव कपसौर पड़री, मंगल अस्पताल रोड, मनोज कुमार स्टेशन रोड, बाबूलाल यादव डंकीनगंज समेत तमाम लोगों ने फोन कर जानकारी ली।

chat bot
आपका साथी