LokSabha Election 2019 : हस्तिनापुर की नारियों ने मतदान में लिखी नई इबारत,पुरुषों को पछाड़ा
लोकसभा चुनाव में हस्तिनापुर विधानसभा में आधी आबादी ने नई इबारत लिख दी। उन्होंने बूथों पर वोटों की झमाझम बारिश की। पुरुषों को भी पीछे छोड़ दिया।
मेरठ, [राजेंद्र शर्मा]। लोकसभा चुनाव में हस्तिनापुर विधानसभा में आधी आबादी ने नई इबारत लिख दी है। उन्होंने बूथों पर वोटों की झमाझम बारिश की। पुरुषों को भी पीछे छोड़ दिया। यही नहीं किसी भी बूथ पर सबसे अधिक मतदान का रिकार्ड भी अपने नाम दर्ज कराया है।
पुरुष वोटरों की तुलना में अधिक मतदान
हस्तिनापुर विधानसभा सीट बिजनौर लोकसभा क्षेत्र में आती है। लोकसभा चुनाव में हस्तिनापुर विधानसभा में कुल 377 बूथ थे, जबकि कुल वोटरों की संख्या 3,34,786 है। इनमें पुरुष वोटर 185116 व महिला वोटर 149658 है। हस्तिनापुर में कुल 221380 वोटरों ने वोट दिया। इनमें पुरुष 121400 व महिलाएं 99979 हैं। पुरुष व महिला वोट का फीसद क्रमश: 65.58 व 66.80 रहा। कुल वोट 66.13 फीसद रहा। 20 से अधिक बूथ ऐसे रहे हैं, जहां पर महिलाओं ने 80 फीसद से अधिक वोट किया। पूरे विधानसभा में करीब 143 बूथ ऐसे रहे हैं, जहां पर महिलाओं ने पुरुष वोटरों की तुलना में अधिक मतदान किया है।
93.79 फीसद मतदान
हस्तिनापुर विधानसभा सीट पर बूथ न.-118 उच्च प्राथमिक विद्यालय कक्ष नम्बर दो मीवा है,जहां पर महिलाओं ने 93.79 फीसद मतदान किया है। इस बूथ पर कुल 661 वोटर थे। इनमें पुरुष 371 व महिला 290 थीं। इनमें 220 पुरुष व 272 महिला कुल 492 ने वोट किया। पुरुषों का वोट फीसद 59.30 व महिलाओं का 93.79 रहा है। वहीं,एक बूथ 202 प्राथमिक विद्यालय में पुरुषों की वोटिंग का फीसद भी 93.63 रहा है।
एक बूथ पर निर्धारित से ज्यादा वोट भी पड़े
हस्तिनापुर विधानसभा का एक बूथ ऐसा भी है, जहां पर महिलाओं के निर्धारित से ज्यादा वोट पड़े हैं। यह बूथ संख्या-278 जय जवान जूनियर हाईस्कूल पूरब नारंगपुर है। इस पर कुल 897 वोट थे। इनमें पुरुष 502 व महिला 395 है। इनमें से 293 पुरुष व 408 महिलाओं ने कुल 701 वोट किया है। पुरुष वोट फीसद 58.37 व महिलाओं का वोट फीसद 103.29 रहा। हस्तिनापुर विधानसभा में कुछ बूथ ऐसे भी रहे हैं जहां पुरुष व महिला वोटरों ने बराबर वोट किया है। यानि वोट करने में मुकाबला बराबरी का रहा है।