कॉमनवेल्थ गेम्स : सीमा, दिव्या व रवि को मिलेगी पुरस्कार राशि

कॉमनवेल्थ गेम्स-2018 में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि स्वीकृत कर दी गई है। खेल निदेशालय की ओर से दो अगस्त को जारी पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों की सूची में प्रदेश के छह खिलाड़ी शामिल हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रमश: 50, 30 व 15 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Aug 2018 09:43 PM (IST) Updated:Sat, 11 Aug 2018 09:43 PM (IST)
कॉमनवेल्थ गेम्स : सीमा, दिव्या व रवि को मिलेगी पुरस्कार राशि
कॉमनवेल्थ गेम्स : सीमा, दिव्या व रवि को मिलेगी पुरस्कार राशि

जागरण संवाददाता, मेरठ : कॉमनवेल्थ गेम्स-2018 में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि स्वीकृत कर दी गई है। खेल निदेशालय की ओर से दो अगस्त को जारी पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों की सूची में प्रदेश के छह खिलाड़ी शामिल हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रमश: 50, 30 व 15 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।

पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में भारोत्तोलन में वाराणसी की पूनम यादव व शूटिंग में लखनऊ के जीतू राई ने स्वर्ण पदक जीता था। बाक्सिंग में बुलंदशहर के सतीश कुमार व एथलेटिक्स में मेरठ की सीमा पूनिया ने रजत पदक जीता था। वहीं कुश्ती में मुजफ्फरनगर की दिव्या काकरान व शूटिंग में मेरठ के रवि कुमार ने कांस्य पदक जीता था।

कागजात लेकर पहुंचे खिलाड़ी

उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के सचिव प्रेम कुमार मिश्रा ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से पुरस्कार राशि जारी कर दी गई है। जो खिलाड़ी पहले से पुरस्कार जीतते आ रहे हैं उनकी धनराशि खाते में चली जाती है। जो पहली बार जीतते हैं उन्हें अपने निवास प्रमाण पत्र और सर्टिफिकेट के साथ खेल निदेशालय के लखनऊ कार्यालय में पहुंचना होगा। वहां विभागीय कार्यवाही कर पुरस्कार की धनराशि खिलाड़ी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। रेलवे में नौकरी न मिलने और प्रदेश से पुरस्कार राशि का इंतजार कर रहे दिव्या काकरान के पिता सूरजवीर ने राहत की सांस ली है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश संघ की ओर से उन्हें पुरस्कार राशि की सूचना दी गई है। वे जल्द ही कागजी कार्यवाही पूरी कर लेंगे।

केवल गेम्स में पदक पर पुरस्कार

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली जिले की एक दर्जन महिला पहलवानों को अब तक पुरस्कार राशि नहीं मिली है। इस पर प्रेम कुमार मिश्र ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से किसी भी चैंपियनशिप में पदक जीतने पर कोई पुरस्कार राशि प्रदान नहीं की जाती है। केवल गेम्स में पदक जीतने पर ही पुरस्कार राशि मिलती है। इसमें ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, सैफ गेम्स आदि शामिल हैं।

खेल मंत्री ने दिव्या को किया सम्मानित

शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में एशियन गेम्स के लिए भारतीय कुश्ती टीम में शामिल दिव्या काकरान को केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने सम्मानित किया। इन दिनों एशियाई खेलों की तैयारी में जुटी दिव्या 14 अगस्त को टीम के साथ जकार्ता के लिए रवाना होंगी।

chat bot
आपका साथी