पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी जेई की हत्या,गिरफ्तार

नलकूप विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर की हत्या का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। जेई की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की निर्ममता के साथ हत्या की थी।

By Ashu SinghEdited By: Publish:Sat, 16 Mar 2019 11:56 AM (IST) Updated:Sat, 16 Mar 2019 11:56 AM (IST)
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी जेई की हत्या,गिरफ्तार
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी जेई की हत्या,गिरफ्तार
मेरठ, जेएनएन। नलकूप खंड (पूर्व) में तैनात जूनियर इंजीनियर सुशील कुमार हत्याकांड का सनसनीखेज राजफाश हुआ है। मोबाइल सीडीआर से घटना का पर्दाफाश हुआ तो पुलिस भी सन्न रह गई। पत्‍नी ने ही प्रेमी संग मिलकर जेई की निर्ममता से हत्या कराई थी। मामले को लूट का रंग देने के लिए सामान को बिखेरा गया। शुक्रवार देर रात पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
इस तरह खुल परतें
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नलकूप खंड (पूर्व) में तैनात जेई सुशील कुमार (40) जेल चुंगी स्थित ट्यूबवेल कॉलोनी के सरकारी क्वार्टर में पत्‍नी और तीन बच्चों के साथ रहते थे। वह मूलरूप से सहारनपुर के गांव सलोनी के रहने वाले थे। 13 मार्च की सुबह करीब नौ बजे वह नहाने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उनकी अज्ञात हमलावरों ने हाथ-पांव व मुंह कपड़े से बांधने के बाद गला काटकर हत्या कर दी। घर में सामान बिखरा हुआ था। पत्‍नी मोनिका ने बताया कि वह अपने बच्चों समेत दवाई लेने गई थी। जांच में पुलिस को संदेह हुआ और मोनिका व सुशील कुमार के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई गई। इसके बाद घटना परत-दर-परत खुलती चली गई।
इनका क्या कसूर
सुशील और पत्नी डोली उर्फ मोनिका बड़ी बेटी काजल (14), दूसरी बेटी इशिता (12) व बेटा अमन (9) है। पिता की मौत हो गई है और मां जेल चली जाएगी। इन परिस्थितियों में बच्चे अपने रिश्तेदारों के यहां रहेंगे।
पहले ही खुल चुकी थी वारदात
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने पहले ही दिन घटना को खोल दिया था, लेकिन वह सुशील के अंतिम संस्कार का इंतजार कर रही थी। घटना के दौरान भी आरोपित मोनिका के इर्द-गिर्द घूम रहा था। उसे सांत्वना दे रहा था। इसलिए पुलिस को तभी संदेह हो गया था। एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि पुलिस राजफाश के बेहद नजदीक है। अवैध संबंधों के कारण हत्या की गई है। शनिवार को राजफाश किया जाएगा।
प्रेमी को बुला लिया था घर
सूत्रों की मानें तो सुशील कुमार की इससे पहले जहां पर तैनाती थी,वहां मोनिका की मुलाकात आरोपित युवक से हुई थी। वह उन्हीं के बराबर में रहता था। मेरठ में भी वह अक्सर आता-जाता रहता था। दोनों शादी करना चाहते थे,लेकिन सुशील कुमार आड़े आ रहा था। सुशील को संदेह हुआ तो दंपती के बीच कलह रहने लगी। इसके बाद उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। महिला ने अपने प्रेमी को बुला लिया।
पहले बेहोश किया था
सुशील कुमार को नशीला पदार्थ पिलाकर गया और कुछ सुंघाया गया। अर्धबेहोशी की हालत में सुशील के हाथ-पैर बांध दिए। विरोध करने की कोशिश करने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। पत्‍नी पैरों पर बैठ गई और प्रेमी ने सुशील की गर्दन रेत दी। इसके बाद सुशील का खून बराबर में रहने वाले जेई भारत यादव के मकान के बाहर और दरवाजे पर लगा दिया। घर का सामान बिखेर दिया,ताकि घटना लूट या डकैती की लगे। पुलिस शनिवार को मामले का राजफाश करेगी।
chat bot
आपका साथी