UP Panchayat Chunav 2021: बुलंदशहर में फर्जी मतदान को लेकर जमकर हंगामा- मतपेटी तोड़ी, आगजनी का प्रयास

बुलंदशहर पंचायत चुनाव की शुरुआत छिटपुट घटनाओं के बीच शुरू हुआ लेकिन अंतिम दौर में ऊंचागांव ब्लाक के गांव फरीदाबांगर में फर्जी मतदान को लेकर जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने दीवार फांद कर एक मतपेटी तोड़ दी जिससे मतपत्र नीचे बिखर गए। साथ ही आगजनी का प्रयास हुआ।

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Thu, 29 Apr 2021 10:22 PM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 08:46 AM (IST)
UP Panchayat Chunav 2021: बुलंदशहर में फर्जी मतदान को लेकर जमकर हंगामा- मतपेटी तोड़ी, आगजनी का प्रयास
बुलंदशहर पंचायत चुनाव में आगजनी का प्रयास किया गया।

बुलंदशहर, जेएनएन। UP Panchayat Chunav 2021 Voting News: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान में गुरुवार को शुरुआत में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शुरू हुआ लेकिन अंतिम दौर में ऊंचागांव ब्लाक के गांव फरीदाबांगर में फर्जी मतदान को लेकर जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने दीवार फांद कर एक मतपेटी तोड़ दी जिससे मतपत्र नीचे बिखर गए। पोलिंग पार्टी को बंधक बनाने व आगजनी की कोशिश की गई। भारी पुलिस बल के साथ एसडीएम व एसपी पहुंचे तो हंगामा कर रहे लोग भाग निकले। अधिकारियों ने बिखरे मतपत्र मतपेटी में डाले। डीएम का कहना है कि मतपत्र सुरिक्षत हैं। मामले की जांच कराई जाएगी। जिले में 72.80 प्रतिशत वोट पड़े।

बुलंदशहर (Bulandshahr) में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। इस दौरान कई जगहों पर घटनाएं सामने आई। मतदान के पहले सुबह ही हंगामा हो गया। अकबरपुर मरगुबपुर मतदान केंद्र पर मास्क न पहनने पर पीठासीन अधिकारी पर एक हजार का जुर्माना लगाया गया। औरंगाबाद के इलेना मतदान केंद्र पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाते हुए मतदाता और एजेंट भिड़ गए। पुलिस ने कार्रवाई की चेतावनी दी तो लोग शांत हुए। एक को हिरासत में ले लिया गया।

हंगामे के कारण आठ बजे से शुरू हुआ मतदान

तीन पीठासीन अधिकारियों की तबीयत बिगडऩे पर दूसरे पीठासीन अधिकारियों की तैनाती की गई। यहां कुछ देर मतदान प्रभावित रहा। ऊंचागांव क्षेत्र में निवर्तमान प्रधान के खिलाफ पोलिंग पार्टियों के कर्मचारियों को मतदान केंद्र पर शराब पिलाने और रुपये बाटंने का आरोप लगा। जिस पर अन्य प्रत्याशियों ने हंगामा किया। पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी। हंगामे के कारण यहां सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो सका। नवादा गांव में पीठासीन अधिकारी पर प्रधान प्रत्याशी के घर खाना खाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया। अधिकारियों ने आरोपित पीठासीन अधिकारी को बदल दिया। इन सबके बीच बूथों पर लंबी लाइनें दिखीं।

कोरोना के खौफ रहा गायब

जिले में कोरोना कहर मचा रहा है, इसी बीच में पंचायत चुनाव में कोरोना के सभी नियमों की धज्जिया उड़ते हुए देखी गई। कई जगहों पर हंगामे के बीच भारी भीड़ भी देखी गई। वोट डालने के दौरान भी लोग एक दूसरे से सटे हुए लाइनों में खड़े रहे। मास्‍क का गलत तरह से प्रयोग होता दिखाई दिया। सैनिटाइजेशन की भी कोई व्‍यवस्‍था नहीं थी।  

chat bot
आपका साथी