सूरजकुंड वार्ड-58 में अनियोजित निर्माण..आमजन परेशान

दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड 58 सूरजकुंड में विशेष सफाई कराई गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 09:45 AM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 09:45 AM (IST)
सूरजकुंड वार्ड-58 में अनियोजित निर्माण..आमजन परेशान
सूरजकुंड वार्ड-58 में अनियोजित निर्माण..आमजन परेशान

मेरठ, जेएनएन। दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड 58 सूरजकुंड में विशेष सफाई कराई गई। इस दौरान नगर निगम अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं। क्षेत्रीय पार्षद और जनता ने वार्ड में निर्माण संबंधी समस्याएं बताईं, जिनका निगम अधिकारियों ने जल्द निराकरण कराने का आश्वस्त किया।

विशेष सफाई अभियान की शुरुआत गुरुवार को सुबह 10 बजे बाबा मनोहरनाथ मंदिर के पास से हुई। सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रवि शेखर, सफाई नायक राजेश कुमार मौजूद रहे। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने महापौर कैंप कार्यालय से हंस चौराहा होते हुए सूरजकुंड पार्क के चारों तरफ सड़क पर झाड़ू लगाई। डोर टू डोर कूड़ा गाड़ी से कूड़ा उठाया। उद्यान प्रभारी सुनील सोम ने पार्क में पेड़ों की कटिग कराई। इस दौरान सहायक नगरायुक्त इंद्र विजय को क्षेत्रीय पार्षद अंशुल गुप्ता समेत स्थानीय नागरिकों ने समस्याओं से अवगत कराया।

लोगों ने बताईं ये समस्याएं :

-बाबा मनोहरनाथ मंदिर से हंस चौराहे के बीच सड़क किनारे स्ट्रीट वेंडर्स के चबूतरे बनाए जा रहे हैं। इसके लिए निर्माण विभाग ने सड़क किनारे जो नाला चार फीट चौड़ा था, उसे नौ इंच की नाली में तब्दील कर दिया है, जिससे बारिश में यहां जलभराव होगा।

-सूरजकुंड पार्क का रखरखाव ठीक नहीं है। हाईमास्ट लाइट सालभर से बंद पड़ी है। पार्क के फव्वारे नहीं चलते हैं। कुंड में पानी की व्यवस्था नहीं है। दीवारे दरकने लगी हैं।

-महापौर कैंप कार्यालय के सामने की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिन पर चलना मुश्किल है। बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

-सूरजकुंड वार्ड में नियमित सफाई नहीं होती है। झाड़ू लगने और कूड़ा उठने का कोई समय नहीं है। जिससे गंदगी पसरी रहती है।

-स्पो‌र्ट्स बाजार के बड़े नाले पर पुलिया चौड़ीकरण का काम दो ठेकेदारों के पास है। पुलिया का एक हिस्सा एक ठेकेदार ने बना दिया है। दूसरे ठेकेदार ने दूसरे हिस्से पर काम शुरू नहीं किया है, जिससे दुर्घटना का खतरा है।

लोगों ने कहा कि..

-सूरजकुंड स्पो‌र्ट्स बाजार शहर का प्रमुख बाजार है। यहां पर छह माह से नाले की पुलिया नहीं बन सकी। नगर निगम का निर्माण विभाग घोर लापरवाही बरत रहा है। गौरव -सूरजकुंड पार्क में करोड़ों रुपये खर्च हो गए, लेकिन न लाइटें जलती हैं न पीने के पानी की व्यवस्था है। शौचालय गंदे पड़े हैं। सफाई महीने में एक-दो बार होती है। कूड़ेदान खराब हो गए हैं।

ओम प्रकाश।

-सूरजकुंड वार्ड में सड़क निर्माण की जरूरत है। सफाई में सुधार होना चाहिए। नाले-नालियों के निर्माण इस तरह कराएं जाएं कि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो। निर्माण के काम समय से पूरा न होने से जनता को परेशानी होती है।

अंशुल गुप्ता, क्षेत्रीय पार्षद।

-सूरजकुंड वार्ड 58 में निर्माण संबंधी शिकायतें मिली हैं। कई मामले गंभीर हैं। नगर आयुक्त को यह रिपोर्ट सौंपेंगे। पुलिया का निर्माण जल्द कराया जाएगा। नाले-नालियों के निर्माण में गुणवत्ता की कमी और जरूरत के हिसाब से काम नहीं हो रहा है।

इंद्र विजय, सहायक नगर आयुक्त।

chat bot
आपका साथी