Murder In Bijnore: बिजनौर में जंगल गई महिला की हत्या कर शव को पेड़ से बांधा, जांच में जुटी पुलिस

Murder In Bijnore बिजनौर जिले के चांदपुर में उस वक्‍त सनसनी मच गई जब जंगल में एक महिला का शव पेड़ से बंधा मिला। सूचना के बाद पुलिस ने भी मौके पर जाकर पड़ताल की। फिलहाल पुलिस ने इस प्रकरण में अज्ञात में मामला दर्ज किया है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 09:00 PM (IST) Updated:Thu, 09 Sep 2021 09:00 PM (IST)
Murder In Bijnore: बिजनौर में जंगल गई महिला की हत्या कर शव को पेड़ से बांधा, जांच में जुटी पुलिस
बिजनौर में महिला के कानों से कुंडल भी गायब मिले।

बिजनौर, जागरण संवाददाता। बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र के गांव महमूदपुर में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला शव पेड़ से बंधा मिला। बताया जा रहा है कि सुबह के समय मृतका जंगल में चारा लेने गई थी, जिसके बाद उसकी हत्या की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

काफी तलाशने पर मिला शव

गांव निवासी सर्वेश मेहनत मजदूरी करता है। उसकी 35 वर्षीय पत्नी बबीता भी खेतों में काम करती है। गुरुवार सुबह वह अपनी पुत्री रेखा के साथ जंगल में पशुओं का चारा लेने गई थी। कुछ घंटे बाद बबीता ने रेखा को घर भेज दिया। खुद खेत में रुक गई। दोपहर तक वह घर नहीं लौटी। स्वजन को चिंता हुई तो उन्होंने उसकी तलाश की। काफी देर तक तलाश करने पर उन्हें उसका शव खेत में खड़े एक पेड़ से दुपट्टे से बंधा हुआ मिला। यह देख उनके होश उड़ गए। बबीता की हत्या होने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।

मृतका के गले पर निशान

हत्या की सूचना पर सीओ शुभ सुचित कुमार और थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने मौके पर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि मृतका के गले पर निशान थे। जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले उसका गला दबाया गया और मौत होने पर पेड़ से बांधा गया, लेकिन यह रहस्य बना हुआ है कि हत्या करने वाले ने उसका शव पेड़ से क्यों बांधा। सीओ ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्या से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं लग सका है। मृतका के पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कानों से कुंडल गायब

मृतका के शव को जब पेड़ से उतार कर कब्जे में लिया गया तो परिजनों ने उसके कानों से कुंडल गायब पाए। वहीं उसके कानों पर चोट थी और खून भी बह रहा था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कहीं लूट की वारदात के बाद हत्या तो नहीं की गई। ग्रामीणों के मुताबिक बबीता और उसके पति का किसी से कोई विवाद भी नहीं था। आखिर महिला की हत्या क्यों हुई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। उधर, बबीता की हत्या से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। महिला को बांधने को लेकर तरह कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस गुत्थी में उलझ रही है।

chat bot
आपका साथी