जनवरी में 43 साल में सबसे अधिक बारिश

जनपद में जनवरी में बारिश का 43 सालों का रिकार्ड टूट गया है। अब तक 112 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है और इस माह का अभी एक हफ्ता बाकी है। यह सामान्य से लगभग पांच गुना अधिक है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 24 Jan 2022 09:15 AM (IST) Updated:Mon, 24 Jan 2022 09:15 AM (IST)
जनवरी में 43 साल में सबसे अधिक बारिश
जनवरी में 43 साल में सबसे अधिक बारिश

मेरठ, जेएनएन। जनपद में जनवरी में बारिश का 43 सालों का रिकार्ड टूट गया है। अब तक 112 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है और इस माह का अभी एक हफ्ता बाकी है। यह सामान्य से लगभग पांच गुना अधिक है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन बारिश का अनुमान है। 25 जनवरी के बाद ही मौसम साफ होगा। उधर, कड़ाके की ठंड के बीच लगातार दूसरे दिन बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। रविवार को शीतलहर के बीच दिनभर बूंदाबांदी जारी रही। बारिश के कारण लोग छुट्टी का लुत्फ नहीं उठा सके। शुक्रवार के बाद सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके हैं।

भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 व अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर से रविवार दोपहर तक 24.6 मिमी बारिश हुई। जनवरी में अभी तक 112 मिमी बारिश हो चुकी है। यह आंकड़ा पिछले 43 वर्षो का रिकार्ड स्तर है। कृषि विवि मोदीपुरम के ग्रामीण मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डा. उदय प्रताप शाही ने बताया कि सोमवार को भी बारिश होगी। 25 जनवरी के बाद ही मौसम साफ होने का अनुमान है।

गन्ने के खेतों में पानी भरने से छिलाई प्रभावित

लगातार दो दिन बारिश के कारण खेती-किसानी को भी नुकसान होने लगा है। गन्ने के खेत में पानी भरने से छिलाई प्रभावित हो गई है। इससे गन्ना क्रय केंद्रों व चीनी मिलों तक नहीं पहुंच सका। सामान्य तौर पर चीनी मिलों में प्रतिदिन की जाने वाली गन्ना पेराई भी अपनी पूरी क्षमता के साथ नहीं की जा सकी।

chat bot
आपका साथी