मेरठ: जयन्त ने खतौली से मदन भैया को उतारने का बताया कारण, राहुल गांधी को सराहा, केशव प्रसाद मौर्य पर कसा तंज

मेरठ में रालोद प्रमुख जयन्त चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी मेहनत कर रहे हैं भारत जोड़ो यात्रा का उनका जज्बा सराहनीय है। बसपा से गठबंधन को लेकर पार्टी की कोई वार्ता नहीं हुई है। नगर निकाय चुनाव में स्थानीय स्तर पर बनी समन्वय समिति ही टिकटों का बंटवारा करेगी।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sat, 26 Nov 2022 09:21 PM (IST) Updated:Sat, 26 Nov 2022 09:21 PM (IST)
मेरठ: जयन्त ने खतौली से मदन भैया को उतारने का बताया कारण, राहुल गांधी को सराहा, केशव प्रसाद मौर्य पर कसा तंज
मेरठ में पत्रकार वार्ता करते जयंत चौधरी

मेरठ, जागरण संवाददाता। Jayant Chaudhary रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने कहा कि वह खतौली उपचुनाव में माइक्रो स्तर पर प्रचार कर रहे हैं। आने वाले दिनों में 60 गांवों में जाएंगे। 28 नवंबर को तीन गांव में वह व्यक्तिगत रूप से मतदान पर्ची का वितरण करेंगे। उन्होंने तंजभरे लहजे में सवाल किया कि उप्रमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने इस बार गर्मी निकालने वाला बयान क्यों नहीं दिया ? उन्‍होंने कहा कि राहुल गांधी मेहनत कर रहे हैं। यह भी कहा कि मदन भैया जैसे मजबूत उम्मीदवार की खतौली में जरूरत थी।

'गांव का किसान कर रहा सवाल'

शनिवार को पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा के साकेत स्थित आवास पर पहुंचे। 13 नवंबर को रालोद के राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र शर्मा के बड़े भाई ब्रह्मानंद शर्मा का निधन हो गया था। शनिवार को जयन्त चौधरी स्वजनों को सांत्वना देने पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने तंज कसा कि खतौली उपचुनाव में उपमुख्यमंत्री को आना ही नहीं था उन्हें तो लखनऊ में कामकाज देखना चाहिए। गांव का किसान उनसे सवाल कर रहा है कि अभी तक गन्ना मूल्य क्यों नहीं घोषित किया। 

'पूरे प्रदेश की निगाहें मैनपुरी पर' 

उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को बिजली की दरें अत्यधिक हैं। जनता चुनाव में इसका जवाब देगी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चुनाव प्रचार में आने की बाबत पूछे गए सवाल पर जयन्त चौधरी ने कहा कि मैनपुरी में डिंपल यादव मैदान में हैं। पूरे प्रदेश की निगाहें वहीं पर लगी हैं। हमारे बीच परस्पर संवाद हो रहा है।

बाहरी प्रत्याशी के सवाल पर जयन्त की सफाई

खतौली में बाहरी व्यक्ति के चुनाव लड़ने को लेकर तमाम सवाल उठ रहे हैं। जयन्त चौधरी ने पलटवार किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात से आकर बनारस में चुनाव लड़े। योगी आदित्यनाथ भी मूलरूप से उत्तराखंड के हैं। इस तरह का नकारात्मक चुनावी पैंतरा भाजपा की मनोदशा दिखाता है। कहा कि खतौली में जिस तरह सरकारी मशीनरी सक्रिय है। जिस तरह की परिस्थितियां हैं, ऐसे में वहां मदन भैया जैसे मजबूत उम्मीदवार की जरूरत थी। मदन भैया को कोई सजा नहीं हुई है जैसा कि न्यायालय ने दंड देते हुए विक्रम सैनी को अयोग्य किया है। 

टिकट बंटवारे में न्यूनतम रहेगा केंद्रीय नेतृत्व का दखल 

राज्यसभा सदस्य जयन्त चौधरी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में स्थानीय स्तर पर बनी समन्वय समिति ही टिकटों का बंटवारा करेगी। इसमें केंद्रीय नेतृत्व का दखल न्यूनतम रहेगा। संविधान दिवस पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का सुनियोजित तरीके से राजनीतिकरण किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को लेकर जिस तरह फाइलों को तलब गया है वह सरकार की नीति को कटघरे में खड़ा करता है। 

राहुल गांधी का जज्बा सराहनीय 

जयन्त चौधरी ने कहा बसपा से गठबंधन को लेकर कोई वार्ता नहीं हुई है। चंद्रशेखर हमारे साथ हैं। राहुल गांधी मेहनत कर रहे हैं, भारत जोड़ो यात्रा का उनका जज्बा सराहनीय है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, डा. मैराजउद्दीन, प्रदेश मीडिया संयोजक सुनील रोहटा, रालोद जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़, राजपाल सिंह, सुरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी