आज रात से ही जलाभिषेक कर भगवान आशुतोष की करें आराधना, जानिए कब खुलेंगे मंदिरों के कपाट Meerut News

शिवरात्रि के लिए मंदिरों में तैयारियां पूरी हो चुकी है। औघड़नाथ मंदिर में मंदिर के कपाट आज सारी रात खुले रहेंगे। रात से ही जलाभिषेक शुरू हो जाएगा।

By Ashu SinghEdited By: Publish:Mon, 29 Jul 2019 11:21 AM (IST) Updated:Mon, 29 Jul 2019 02:00 PM (IST)
आज रात से ही जलाभिषेक कर भगवान आशुतोष की करें आराधना, जानिए कब खुलेंगे मंदिरों के कपाट Meerut News
आज रात से ही जलाभिषेक कर भगवान आशुतोष की करें आराधना, जानिए कब खुलेंगे मंदिरों के कपाट Meerut News
मेरठ, जेएनएन। मात्र गंगाजल से प्रसन्न होने वाले भगवान आशुतोष की आराधना के महापर्व का उल्लास और उत्साह चरम पर है। मंदिरों में तैयारियां पूरी हो चुकी है। औघड़नाथ मंदिर में मंदिर के कपाट आज सारी रात खुले रहेंगे। आज रात से ही जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। शहर के शिवालय रंगीन लाइटों से नहाए हुए थे। शिवपार्वती के विग्रहों के श्रंगार और गर्भगृह में फूलों की सजावट की जा रही है।
सुबह चार बजे खुलेंगे कपाट
औघड़नाथ मंदिर में रविवार को भी सैकड़ों कांवड़ियों ने अभिषेक किया। 29 को सुबह चार बजे से मंदिर के कपाट खुल जाएंगे। रविवार को दिन भर कांवड़ियों के आगमन और परिक्रमा कर जल चढ़ाने का सिलसिला चलेगा। हरिद्वार से जल लेकर आने वाले भक्त शिवरात्रि पर चतुर्दशी का जल चढ़ाने तक मंदिर या उसके आसपास विश्रम करते हैं। रविवार को मंदिरों में शिवभक्तो का आना शुरु हो गया। औघड़नाथ मंदिर समिति के महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि मंडप में कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था है। नैंसी चौराहे पर कैंट बोर्ड ने सचल शौचालयों की व्यवस्था की है।
कांवड़ियों के ठहरने का इंतजाम
सदर स्थित प्राचीन बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में कांवड़ियों के ठहरने का इंतजाम है। यहां भी मंदिर के कपाट भक्तों के लिए आज पूरी रात खुले रहेंगे। पुजारी हरिश्चंद्र जोशी ने बताया कि कांवड़ियों के लिए सामान्य और फलाहारी दोनों प्रकार के भोजन की व्यवस्था रहेगी। 30 जुलाई को भोले को ठंडाई का भोग लगाया जाएगा।

मंगल आरती के बाद सामूहिक रुद्राभिषेक
केसरगंज नगर निगम के परिसर में झाड़खंडी महादेव में 29 जुलाई को भजन संध्या होगी। समिति सदस्य के डा. सुबोध गर्ग ने बताया कि मंदिर में भक्तों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। शिवरात्रि पर चार प्रहर का पूजन होगा। न्यूमोहनपुरी स्थित दयालेश्वर महादेव मंदिर में भी 30 जुलाई को सुबह चार बजे मंगल आरती के बाद सामूहिक रुद्राभिषेक होगा। साढ़े पांच बजे से सामान्य भक्तों के लिए मंदिर दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। साकेत शिव मंदिर, नई सड़क भोलेश्वर महादेव मंदिर, सम्राट पैलेस स्थित राजराजेश्वरी मंदिर में शिवरात्रि के पर्व भक्तों की भीड़ के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए हैं। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है।
सुरक्षा व्‍यवस्‍था का पूरा खाका तैयार
तीस जुलाई को शिवरात्रि का पर्व है, इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा तंत्र का खाका तैयार कर लिया है। रविवार को औघड़नाथ मंदिर में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने चप्पा-चप्पा खंगाला। मंदिर में शिवालय की ऊपरी मंजिल पर बने कंट्रोल रूम में दो दर्जन एलक्ष्डी स्क्रीन लगी हुई है। साठ से अधिक सीसीटीवी कैमरों में मंदिर परिसर और बाहर के क्षेत्र का सीन कैद होगा। प्रत्येक संदिग्ध पर नजर रखी जाएगी।
संघन चेकिंग अभियान
बम निरोधक दस्ता और बम निरोधक स्क्वाड ने मंदिर परिसर में रखे गमले, दरवाजों के पीछे, छत और पेड़ और कंट्रोल रुम में बारीकी से चेकिंग की। मंदिर में आए श्रद्धालुओं की भी चेकिंग की गई। बाद में मंदिर के बाहर शिवरात्रि पर लगने वाली दुकानों के आसपास क्षेत्र में भी संघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एसओ सदर विजय गुप्ता ने बताया कि एटीएस कमांडो ने सदर क्षेत्र में गश्त की। वहीं मंदिर परिसर में भी भ्रमण किया।
शिवरात्रि पर स्वर्ग में रहेगी भद्रा पंचमुखी महादेव मंदिर के कृष्णस्वरूप ब्रह्रमचारी महाराज ने वेदों का उल्लेख करते हुए बताया हलाहल पीने वाले भगवान शिव को जलधार सबसे अधिक प्रिय है। शिवरात्रि में चार प्रहर भगवान शिव का षोडशोपचार पूजन करने से गृहक्लेश समेत अन्य पापों से मुक्ति मिलती है। ज्योतिषविद भारत ज्ञान भूषण ने बताया कि मंगलवार को भद्रा पृथ्वी पर न होकर स्वर्ग लोक में होगी। 30 को चंद्रमा मिथुन राशि में विचरण कर रहे होंगे। समुद्र मंथन के समय निकले विष से जगत की रक्षा के लिए भगवान शिव ने उसका पान कर लिया था। विष मस्तक पर चढ़ने से भगवान शिव क्रोध से भर जाते हैं, जलाभिषेक करने से वह शांत होते हैं और जगत का कल्याण करते हैं।
जानिए जलाभिषेक के लिए कब खुलेंगे कपाट
औघड़नाथ मंदिर और सदर बिल्वेश्वर महादेव मंदिर
29 की रात से मंदिर के कपाट खुले रहेंगे और 30 को पूरा दिन और रात में खुले रहेंगे।
30 को दोपहर ढ़ाई बजे से सिर्फ कांवड़ियों को मंदिर में प्रवेश
झाड़खंडी महादेव मंदिर, केसर गंज
30 को सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खुलेंगे
दयालेश्वर महादेव मंदिर, न्यू मोहनपुरी
सुबह 4 बजे खुलेंगे कपाट
सुबह 5.30 बजे भक्तों को प्रवेश
दोपहर 2 बजे से सिर्फ कांवड़ियों को प्रवेश
शिवरात्रि पर जलाभिषेक का शुभ समय
सुबह 9 बजे से 1.30 बजे लाभामृत योग
दोपहर 3 बजे से 4.30 बजे तक चतुर्दशी का जलाभिषेक
रात्रि 7.30 बजे से 9 बजे तक लाभ मुहूर्त
रात्रि 10.30 बजे से 1.30 बजे तक शुभामृत योग 

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी