आरके सिटी कालोनी में हुई मुठभेड़, यहां रहते हैं ज्‍यादातर सैनिकों के परिवार Meerut News

कंकड़खेड़ा की आरके सिटी कालोनी में सैनिकों के ज्यादातर परिवार रहते हैं। यहां मुठभेड़ होने के बाद सभी असुरक्षा महसूस कर रहे है।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Wed, 19 Feb 2020 04:17 PM (IST) Updated:Wed, 19 Feb 2020 04:17 PM (IST)
आरके सिटी कालोनी में हुई मुठभेड़, यहां रहते हैं ज्‍यादातर सैनिकों के परिवार Meerut News
आरके सिटी कालोनी में हुई मुठभेड़, यहां रहते हैं ज्‍यादातर सैनिकों के परिवार Meerut News

मेरठ, जेएनएन। कंकड़खेड़ा के आरके सिटी कालोनी में ज्यादातर फौजी परिवार रहते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सैनिकों ने परिवार को इस कालोनी में रखा है। इस कालोनी को भी बदमाशों ने अपना ठिकाना बना दिया। मंगलवार को कालोनी के ब्लॉक-डी-11 में बदमाश और पुलिस में मुठभेड़ के दौरान कालोनी में दहशत फैल गई। सभी लोग घरों के अंदर छिप गए। अफसरों के मौके पर पहुंचने के बाद ही कालोनी के लोग बाहर आए। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने सभी लोगों को मोबाइल से वीडियो बनाने पर भी रोक लगा दी थी।

 पोंटी चड्ढा ग्रुप की है कॉलोनी 

कालोनी निवासी ठेकेदार अश्वनी गौतम ने बताया कि आरके सिटी कालोनी शराब कारोबारी रहे पोंटी चड्ढा ग्रुप की है। वर्तमान में कालोनी की देखरेख चड्ढा कंपनी से जुड़े लोग करते हैं। कालोनी में करीब 400 परिवार रहते हैं, जिनमें से 90 फीसदी परिवार सेना के जवानों के हैं, जिनमें उनके परिवार रहते हैं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक डी-11 में तीन फ्लैट हैं। जिनमें से ग्राउंड फ्लोर का फ्लैट बागपत में तैनात दारोगा हैं, पहली मंजिल का फ्लैट सेना के सूबेदार का है, जिसे उन्होंने कुछ युवकों को किराये पर छह महीने पहले दिया था, जो अब खाली था। दूसरी मंजिल का फ्लैट खाली है, जिस पर बिक्री का बोर्ड चस्पा है। एक लाख का इनामी बदमाश सेना में सूबेदार के फ्लैट में था, जहां वह छिपा हुआ था।

 शरारती तत्वों का रहता था जमघट

कालोनी के लोगों का कहना है कि आरके सिटी में आए दिन शरारती तत्व आपस में शराब पीकर झगड़ा करते थे। हाल में अय्याशी का अड्डा बना हुआ था। कई बार पुलिस से भी शिकायत की, मगर कुछ नहीं हुआ। अब, मुठभेड़ में बदमाश मारा गया, जिसके बाद पूरी कालोनी अपने को असुरक्षित कर रही है।

 अब शिवराज संभालेगा गैंग की कमान

नायडू गैंग के सरगना शिव शक्ति नायडू के मुठभेड़ में ढेर होने के बाद अब गैंग की कमान उसका मौसेरा भाई शिवराज नायडू संभालेगा। शक्ति की फरारी के बाद वह दिल्ली में पूरे गैंग को ऑपरेट कर रहा था। बाहरी राज्यों के बदमाशों से शिव शक्ति जुड़ रहा था। दिल्ली स्पेशल सेल के मुताबिक, मकोका लगने के बाद शिव शक्ति नायडू ने पंजाब के बठिंडा के कुख्यात आर्यन गैंग से संपर्क किया था। वहीं वेस्ट यूपी में रवि उर्फ भूरा के संपर्क से ऋतुराज के जरिए मेरठ में अपना साम्राज्य स्थापित करने की योजना थी।

 शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा की रकम भी लूट चुका नायडू

दिल्ली के लाजपत नगर में आठ करोड़ की लूट में फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा का भी पैसा था। यह रकम राजेश से लूटी गई थी। मेरठ पुलिस के मुताबिक, लूटपाट के बाद राज कुंद्रा ने सामने आने से इंकार दिया। दरअसल, यह रकम हवाला की थी। दिल्ली पुलिस द्वारा रकम रिकवर होने के बाद राजेश ने ही अदालत से छुड़वाई थी।

chat bot
आपका साथी