10 वार्डो में जुटा निगम का अमला, पांच घंटे चली सफाई
कोरोना संक्रमण और बारिश में फैलने वाली अन्य संक्रामक बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया।
जेएनएन, मेरठ। कोरोना संक्रमण और बारिश में फैलने वाली अन्य संक्रामक बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए शहर के 10 वार्डो में शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा और नगर आयुक्त डॉ. अरविद चौरसिया ने मौके पर जाकर सफाई का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने कई जगह कमियां पकड़ीं। सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
शनिवार दोपहर में अभियान की शुरुआत सूरजकुंड से की गई। वार्ड 17 अब्दुल्लापुर, वार्ड 80 करीमनगर, वार्ड 75 समर कालोनी, वार्ड 68 मकबरा डिग्गी, वार्ड 34 शिवशक्तिनगर, वार्ड 1 शिव हरी मंदिर कालोनी, वार्ड 5 शिवलोकपुरी, वार्ड 23 सुभाषपुरी, वार्ड 32 सिविल लाइंस और वार्ड 47 पूर्वा अहिरान आदि में शाम तक सफाई कराई गई। सड़कों पर झाड़ू लगाई गई, कचरा उठाया गया और नालियों की भी सफाई कराई।
अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन, सहायक नगर आयुक्त प्रथम ब्रजपाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त द्वितीय इंद्र विजय, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष शर्मा, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, कर निर्धारण अधिकारी राजेश सिंह, नर सिंह राणा और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार, सहायक अभियंता राजपाल यादव व नानकचंद ने अपने-अपने वार्ड की कमान संभाली। वार्ड की समस्याओं से अधीनस्थ अधिकारी रूबरू हुए। आज इन वार्डो में चलेगा अभियान
वार्ड 4 शेरगढ़ी, वार्ड 11 शिवपुरम, वार्ड 33 घोसीपुर, वार्ड 40 दांतल जटौली, वार्ड 41 सैनिक विहार, वार्ड 44 मोहनपुरी, वार्ड 46 यादगारनगर, वार्ड 64 सोतीगंज, वार्ड 72 इस्लामाबाद और वार्ड 74 जलीकोठी आदि में रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा। कसेरूखेड़ा नाले की दीवार के निर्माण में लाएं तेजी : डीएम
फोटो एमआरटी 1103
डीएम और नगर आयुक्त सफाई का निरीक्षण करते हुए वार्ड 20 कसेरूखेड़ा पहुंचे। यहां पर आबूनाला-दो में बनाई जा रही दीवार के निर्माण की प्रगति जानी। नगर आयुक्त ने बताया कि 850 मीटर लंबे नाले पर आरसीसी दीवार व रोड पटरी बननी है। डीएम ने तेजी काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोनल सेनेटरी अधिकारी अरुण खरखोदिया को नाले में डाली गई मिट्टी उठवाने को कहा। इससे पहले दोनों अधिकारियों ने वार्ड 32 में शर्मा नगर, मवाना बस अड्डे, सुशीला जसवंत राय हॉस्पिटल के पास निरीक्षण किया।