चिंता न करें.. जल्द बदलेंगे गोलाबढ़ के हालात

सुबह 10.30 बजे स्वछ मेरठ-स्वस्थ मेरठ अभियान की शुरुआत गोलाबढ़ के सामुदायिक केंद्र से हुई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Feb 2020 10:00 AM (IST) Updated:Fri, 14 Feb 2020 10:00 AM (IST)
चिंता न करें.. जल्द बदलेंगे गोलाबढ़ के हालात
चिंता न करें.. जल्द बदलेंगे गोलाबढ़ के हालात

मेरठ, जेएनएन: सुबह 10.30 बजे स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ अभियान की शुरुआत गोलाबढ़ के सामुदायिक केंद्र से हुई। महापौर सुनीता वर्मा, अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन, सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.गजेंद्र सिंह की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय पार्षद डिंपल चौधरी ने प्राथमिक विद्यालय और सामुदायिक केंद्र के पास बस्ती के बीच नाले-नालियों के गंदे पानी से लबालब तालाब को दिखाया। महापौर और नगर निगम अधिकारियों के पहुंचते ही गोलाबढ़ के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। लोगों के साथ सहायक नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने मोहल्ले में जाकर ठप पड़ी जलनिकासी देखी तो महापौर और अपर नगर आयुक्त ने सामुदायिक केंद्र पर लोगों की समस्याएं सुनीं। पार्षद डिंपल ने पत्र सौंपकर महापौर और अपर नगर आयुक्त को समस्याओं से अवगत कराया। कहा कि जल निकासी की व्यवस्था करा दीजिए, वार्ड स्वच्छ हो जाएगा।

जलनिकासी के लिए जल्द बनेगा नाला

गोलाबढ़ के लोगों से महापौर और अपर नगर आयुक्त ने बताया कि कि गोलाबढ़ की जलनिकासी के लिए 1.20 करोड़ रुपये से रोहटा रोड किनारे नाले का निर्माण होगा। प्राथमिक स्कूल के पास की जलनिकासी के लिए नाली बनाई जाएगी। इससे नंद विहार, सरस्वती विहार, तिरुपति एन्क्लेव, गगन विहार और पूरे गोलाबढ़ की जलनिकासी की समस्या दूर हो जाएगी।

ये समस्याएं आई सामने

-गोलाबढ़ में जलनिकासी ठप होने से मकानों में सीलन आ गई है और दरक ने लगे हैं।

-रोहटा रोड के दोनों ओर साइड पटरी का निर्माण न होने से पैदल चलने का रास्ता नहीं है।

-क्षेत्र में नाले व नालियों की पुलिया काफी नीचे हैं, जिससे जलभराव हो रहा है।

-सफाई कर्मचारी आबादी के हिसाब से काफी कम हैं। जिससे नियमित सफाई नहीं हो पा रही है।

-रेलवे फ्लाईओवर पर मार्ग प्रकाश की व्यवस्था न होने से दुर्घटनाओं का खतरा रहता है।

महापौर व निगम अधिकारियों ने किए ये वादे

-जलनिकासी के लिए नाला और नालियों का निर्माण प्राथमिकता पर कराया जाएगा।

-कचरा उठाने के साथ प्रतिदिन नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

-रोहटा रोड की साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा।

-सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव पास हो चुका है।

-रेलवे फ्लाईओवर पर मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।

----------------

लोगों ने कहा कि..

-कई साल से जलनिकासी की समस्या से गोलाबढ़ जूझ रहा है। बारिश में तो जलभराव होता ही है, 12 महीने नारकीय स्थिति रहती है। इससे निजात मिलनी ही चाहिए।

विनोद।

-प्राथमिक विद्यालय में क्षेत्र के बच्चे पढ़ते हैं। सड़क पर नाली का गंदा पानी भरा रहता है। आए दिन बच्चे इसमें गिरते हैं। कोई देखने-सुनने वाला नहीं है।

महिपाल सिंह।

-सफाई व्यवस्था चौपट है। कूड़ा गोलाबढ़ में जगह-जगह जमा है। सफाई कर्मचारी कभी वार्ड में नहीं आते हैं। जिससे यहां का वातावरण दूषित हो रहा है।

वेद प्रकाश।

-सामुदायिक केंद्र का निर्माण तो हो गया, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। करोड़ों की बिल्डिंग खंडहर हो रही है। नगर निगम को इस ओर भी ध्यान देना चाहिए।

प्रकाश।

---

वर्जन:--

-गोलाबढ़ में बहुत खराब हालात हैं। मोहल्ले में सफाई नहीं हो रही है। जलनिकासी ठप है। लोगों को आश्वस्त किया है कि जलनिकासी की व्यवस्था जल्द कराएंगे।

सुनीता वर्मा, महापौर।

-लोग जलभराव के बीच रह रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चे स्कूल गंदे पानी से होकर जाते हैं। सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। जलनिकासी की व्यवस्था यहां पर प्राथमिकता पर कराएंगें।

श्रद्धा शांडिल्यायन, अपर नगर आयुक्त।

chat bot
आपका साथी