मवाना रोड पर टोल की अव्यवस्था से फिर लगा जाम, शाम से लेकर रात तक थमते रहे वाहन Meerut News

नए साल के पहले दिन भी मवाना रोड पर लोगों को जाम से दो चार होना पड़ा। टोल बूथ की अव्यवस्था के चलते शाम से लेकर रात तक वाहनों के पहिये थमते-चलते रहे। इस दौरान टोलकर्मी मनमर्जी करते दिखे तो पुलिसकर्मी नदारद।

By Himanshu DiwediEdited By: Publish:Sat, 02 Jan 2021 01:11 AM (IST) Updated:Sat, 02 Jan 2021 01:11 AM (IST)
मवाना रोड पर टोल की अव्यवस्था से फिर लगा जाम, शाम से लेकर रात तक थमते रहे वाहन Meerut News
मवाना रोड पर जाम से जुझते रहे वाहन।

मेरठ, जेएनएन। नए साल के पहले दिन भी मवाना रोड पर लोगों को जाम से दो चार होना पड़ा। टोल बूथ की अव्यवस्था के चलते शाम से लेकर रात तक वाहनों के पहिये थमते-चलते रहे। इस दौरान टोलकर्मी मनमर्जी करते दिखे, तो पुलिसकर्मी नदारद। वहीं, अफसर एक-दूसरे के पाले में गेंद डाल रहे हैं। मवाना रोड पर स्थित टोल बूथ शुरू से ही विवादों में रहा है। आए दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। बावजूद इसके आज तक व्यवस्था नहीं बन सकी है। टोल कर्मचारी भी मनमर्जी से पर्ची काटते हैं। अवैध वसूली के भी आरोप लगते रहते हैं।

शुक्रवार को एक बार फिर शाम से टोल बूथ पर जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया। कभी वाहन चलते तो कभी थम जाते थे। इसके चलते कई बार वाहनों की लंबी कतार भी लग गई थी। यह स्थिति रात तक बनी रही। इस दौरान कर्मचारियों की मनमर्जी भी हावी रही। वाहन चालकों ने कहा कि वह पर्ची काटने के बजाये बातों में मशगूल रहते हैं। वहीं, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि टोल पर जाम की समस्या से छुटकारे के लिए कैंट बोर्ड प्रशासन ने बात की जाएगी। साथ ही थाना पुलिस को भी व्यवस्था बनाने के लिए कहा जाएगा। जल्द ही लोगों को समस्या से निजात मिल जाएगी। उधर, कैंट बोर्ड के सीईओ नवेंद्र नाथ ने कहा कि टोल बूथ पर कर्मचारी हाथ से पर्ची काटते हैं, इसलिए वाहन कुछ देर रुक जाता है। उनसे व्यवस्था बनाने और वाहन चालकों को ज्यादा देर तक ना रोकने के लिए कहा जाएगा।

कैंट विधायक भी कर रहे विरोध

कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल मवाना रोड के साथ ही रुड़की और दिल्ली रोड पर स्थित टोल को लेकर विरोध जता चुके हैं। उनका कहना है कि तीनों टोल की अनुमति छह फरवरी की है। इसके बाद नए टेंडर में इन तीनों टोल को शामिल नहीं करने दिया जाएगा।  

chat bot
आपका साथी