जिले में दिन निकलने के बाद आठ घंटे में तीन कत्ल

रोहटा-अमानुलापुर मार्ग पर युवक की गोली मारकर हत्या

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Jun 2018 07:00 AM (IST) Updated:Wed, 13 Jun 2018 07:00 AM (IST)
जिले में दिन निकलने के बाद आठ घंटे में तीन कत्ल
जिले में दिन निकलने के बाद आठ घंटे में तीन कत्ल

जागरण संवाददाता, मेरठ : जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े तीन कत्ल हो गए। सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक हत्या की वारदातें होती रहीं लेकिन पुलिस चादर ताने सोती रही।

दोस्तों ने ही गोली मारकर मौत के घाट उतारा

समय : 05:00 बजे

स्थान : रोहटा-अमानुलापुर

रोहटा : रोहटा गांव के जंगल में खेत पर काम कर रहे किसान सुनील, अंकुर, अमित के मुताबिक, मंगलवार सुबह पांच बजे एक बाइक पर तीन युवक रोहटा-अमानुलापुर मार्ग पर बंद पडे़ जेपी गोयल के ईट भट्ठे पर आकर रुके। बाइक पर पीछे बैठे दो युवकों ने बाइक चला रहे करीब 26 वर्षीय युवक की गर्दन पर तमंचे से दो गोली मारीं। वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गया। उसकी जेब में रखी नकदी व कागजात लूट लिए। आरोपित गांव सतवाई की ओर फरार हो गये। किसान मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। थाना प्रभारी सुभाष अत्री व ग्रामीणों ने शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन नहीं हो पाई। सीओ संतोष कुमार का कहना है कि रुपयों के लेनदेन या प्रेम प्रसंग में हत्या की गई होगी। मजदूर के सीने में गोली मारकर हत्या

समय : 07:30

स्थान : राजकीय पशुधन कृषि परिक्षेत्र

हस्तिनापुर : कौरवान वन ब्लाक के राजकीय पशुधन कृषि प्रक्षेत्र में सुबह 7.30 बजे सीने में गोली लगा एक शव मिला। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त सोमवार रात से लापता 45 वर्षीय शीलचंद पुत्र मोहनलाल निवासी भीमनगर हस्तिनापुर के रूप में की। थाना प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि सोमवार की रात दस बजे थाने पर आई मृतक की पत्‍‌नी ने शीलचंद के लापता होने के बारे में बताया। मृतक के भाई श्याम सिंह ने सोनू पुत्र मुस्तकीम, इकरामू पुत्र नामालूम निवासी सैफपुर कर्मचंदपुर, अली रजा पुत्र जहीर आलम निवासी नंगला चांद व बीर सिंह के पुत्र निवासी अनाज मंडी हस्तिनापुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया है। पुलिस प्रथमदृष्ट्या नामजदगी को संदिग्ध मान रही है। शीलचंद बुग्गी चलाकर चार बच्चों को पालता था। कुछ समय पहले मृतक की पत्‍‌नी ने पाली गांव के कपिल जाटव पुत्र चंदबल को नामजद करते हुए दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। महिला की हत्या कर गंगनहर में फेंका

समय : 01:00

स्थान : किठौर गंगनहर

किठौर : मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने गंगनहर से करीब 30 वर्षीय महिला का शव बाहर निकलवाया। महिला के हाथ बंधे थे। शिनाख्त नहीं हो पाई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआइ शिव दत्त का कहना है कि पानी में बहकर आया शव कई दिन पुराना होने के कारण शिनाख्त नहीं हो पाई। मृतका के चेहरे पर चोट के निशान हैं। इससे प्रतीत होता है कि हत्या करके शव नहर में फेंका गया है।

chat bot
आपका साथी