बारिश से शहर जलमग्न, मकान ढहा, पेड़ गिरे

मेरठ : बुधवार दोपहर में शहर में लगभग डेढ़ घंटा जमकर बारिश हुई। इसे मानसून की दस्तक माना गया लेकिन इ

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Jun 2017 01:35 AM (IST) Updated:Thu, 22 Jun 2017 01:35 AM (IST)
बारिश से शहर जलमग्न, मकान ढहा, पेड़ गिरे
बारिश से शहर जलमग्न, मकान ढहा, पेड़ गिरे

मेरठ : बुधवार दोपहर में शहर में लगभग डेढ़ घंटा जमकर बारिश हुई। इसे मानसून की दस्तक माना गया लेकिन इस बारिश ने पूरे शहर को हलकान करके रख दिया। नगर निगम के नाला सफाई के दावे धरे रह गए और नालों का पानी शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों, दुकानों, मकानों और सरकारी ऑफिसों तक में भर गया। घरों में पानी भरने से लोग परेशान हो गए। जलभराव से जनता घरों में कैद हो गई। कई जगह पेड़ गिरे, जिनके नीचे वाहन दब गए। खंदक बाजार में पुराना बंद मकान का कुछ हिस्सा ढह गया। वहीं बारिश से शहर की बिजली भी घंटों रही।

शहर का चप्पा चप्पा जलमग्न

मानसून की दस्तक मानी जा रही बुधवार की बारिश ने शहर के चप्पे चप्पे को जलमग्न कर दिया। नगर निगम प्रशासन दो महीने से नाला सफाई में जुटा था लेकिन पहली बारिश में ही सारे दवे धरे रह गए। नालों का पानी घंटाघर चौराहा, मेरठ कालेज, कमिश्नरी चौराहा, दिल्ली रोड, साकेत धनवंतरी अस्पताल के बाहर, ईव्ज चौराहा समेत शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर भर गया। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में दुकानों में नालों का पानी भरा तो सरायलाल दास, सेठो वाली गली, ब्रह्मपुरी, बुढ़ाना गेट, खैर नगर आदि दर्जनों मुहल्लों में लोगों के घरों में पानी भर गया। जलभराव से परेशान बड़ी संख्या में लोग सेठों वाली गली से पलायन कर चुके हैं। लोगों का कहना है कि महापौर समेत तमाम अधिकारी यहां आए लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। एसएसपी आफिस, कमिश्नर ऑफिस समेत तमाम सरकारी कार्यालय परिसर भी बारिश के पानी से जलमग्न हो गए। जनता घरों में कैद होकर रह गई। नई सड़क शास्त्रीनगर में भी जलभराव से साथ कूड़ा लोगों के घरों में घुस गया।

क्रिकेटर परवीन कुमार का मुहल्ला भी जलमग्न

किकेटर परवीन कुमार के मुहल्ला मुल्ताननगर में भी बारिश से जलभराव हो गया। बागपत रोड पर रेलवे लाइन के नीचे से नाले का निर्माण होना है। यह निर्माण अटका है। जिसके चलते बागपत रोड के दर्जनों मुहल्ले जलभराव की समस्या के शिकार हैं।

खंदक बाजार में गिरा पुराना मकान

बारिश के दौरान खंदक बाजार में लंबे समय से बंद पड़ा एक पुराने मकान का आगे का हिस्सा ढह गया। हालांकि इसकी चपेट में कोई नहीं आया और हादसा होने से बच गया। लेकिन शहर के पुराने मुहल्लों में खड़े इस प्रकार के जर्जर मकान लोगों की जान के लिए खतरा बने हैं।

जगह जगह गिरे पेड़, वाहन दबे

बारिश के दौरान शहर में कई स्थानों पर पेड़ गिरे। स्पो‌र्ट्स कालोनी के पास एक पुराना पेड़ अचानक गिरा। जिसके नीचे एक कार, कई दोपहिया वाहन दब गए। कई लोग घायल होने से बचे। घटना से वहां चीख पुकार मची तथा लोगों ने दौड़कर वाहनों में सवार लोगों को बचाया। पेड़ गिरने से काफी समय तक सड़क पर जाम भी लगा रहा। विक्टोरिया पार्क स्थित प्रोफेसर कालोनी की चारदीवारी को तोड़ते हुए एक पुराना पेड़ गिरा। इसकी चपेट में आकर बिजली की एलटी लाइन का खंबा भी ध्वस्त हो गया। साकेत में भी एक पेड़ टूटकर सड़क पर गिरा।

बारिश से शहर की बिजली भी गुल

दोपहर में आई बारिश ने दो दर्जन स अधिक 33 केवी बिजलीघरों की आपूर्ति को बाधित कर दिया। कहीं बिजली लाइन पर पेड़ गिरा तो कहीं तार टूटे, डिस्क फट गई और जंफर उड़ गए। दोपहर दो बजे गुल हुई बिजली एक एक बिजलीघर करके देर रात तक सुचारू की जा सकी।

chat bot
आपका साथी