मेडिकल कालेज से हथकड़ी खोलकर हत्यारोपी फरार

मेरठ : मेडिकल कॉलेज के हड्डी विभाग से पुलिस अभिरक्षा से हत्यारोपी हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। घटना के स

By Edited By: Publish:Fri, 27 Nov 2015 01:41 AM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2015 01:41 AM (IST)
मेडिकल कालेज से हथकड़ी खोलकर हत्यारोपी फरार

मेरठ : मेडिकल कॉलेज के हड्डी विभाग से पुलिस अभिरक्षा से हत्यारोपी हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। घटना के समय सुरक्षा में तैनात दोनों पुलिसकर्मी नदारद थे। बाद में हत्यारोपी की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बुलंदशहर के अरनिया थानाक्षेत्र के हलपुरा गांव निवासी आदित्य (30) पुत्र कैलाश पत्‍‌नी की हत्या का आरोपी है। कूल्हे के ऑपरेशन के लिए आदित्य को 19 नवंबर को मेडिकल कालेज मेरठ के हड्डी वार्ड में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को ही आदित्य का ऑपरेशन किया जाना था। सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी शरण सिंह और जितेंद्र को लगाया गया था। गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे एक पुलिसकर्मी शरण सिंह टायलेट चले गए। दूसरा पुलिसकर्मी भी आदित्य को छोड़कर कहीं चला गया। मौका देखकर आदित्य ने हथकड़ी खोल ली और फरार हो गया। पुलिसकर्मियों को इस बात की जानकारी हुई तो आरोपी की तलाश शुरू की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। करीब पांच बजे इस बात की सूचना मेडिकल पुलिस को दी गई। आदित्य की काफी तलाश हुई, लेकिन धरपकड़ नहीं हुई। इसके बाद बुलंदशहर के एसएसपी अनंत देव तिवारी को भी मामले में फोन पर सूचना दी गई। रात को दोनों पुलिसकर्मियों शरण सिंह व जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा आदित्य के खिलाफ भी फरारी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

आखिर कहां से आई हथकड़ी की चाबी?

आरोपी आदित्य हथकड़ी को चाबी से खोलकर फरार हुआ था। सवाल उठता है कि आरोपी के पास हथकड़ी की चाबी कैसे आई? क्या किसी पुलिसकर्मी की मिलीभगत से चाबी मिली है या फिर कोई बाहरी व्यक्ति आदित्य की फरारी में मदद कर रहा था।

-----------

विनय

chat bot
आपका साथी