अब आबूलेन में कैंट बोर्ड करेगा सख्ती

मेरठ : आबूलेन बाजार में पार्किंग और जाम के झाम से अभी मुक्ति नहीं मिली है। ऐसे में कैंट बोर्ड ने व्य

By Edited By: Publish:Fri, 27 Nov 2015 01:35 AM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2015 01:35 AM (IST)
अब आबूलेन में कैंट बोर्ड करेगा सख्ती

मेरठ : आबूलेन बाजार में पार्किंग और जाम के झाम से अभी मुक्ति नहीं मिली है। ऐसे में कैंट बोर्ड ने व्यापारियों को तीन दिन की और मोहलत दी है। कहा है कि वह व्यवस्था सुधार लें, वरना कैंट बोर्ड को फिर से सख्ती करनी पड़ेगी। शुक्रवार से दुकानों के सामने खड़े वाहनों को उठाने के लिए क्रेन लगाई जाएगी।

गुरुवार को व्यापारियों और कैंट बोर्ड के सीईओ की छावनी परिषद कार्यालय में बैठक हुई। शाम को हुई बैठक में सीईओ राजीव श्रीवास्तव ने आबूलेन व्यापार संघ के पदाधिकारियों को आबूलेन की बिगड़ी व्यवस्था को एक-एक करके गिनाया। पूर्व बैठक का हवाला लेते हुए उन्होंने कहा कि दुकानों के सामने तीन मिनट से अधिक समय तक चार पहिया वाहन खड़े हो रहे हैं। डिवाइडर से लेकर दुकान के सामने अतिक्रमण भी दिख रहा है। व्यापार संघ के लगाए गार्ड भी जाम को व्यवस्थित नहीं कर पा रहे हैं। इस पर व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने व्यवस्था सही करने का आश्वासन देते हुए एक मौका और मांगा। इस पर सीईओ ने उन्हें तीन दिन की मोहलत देते हुए 30 नवंबर तक व्यवस्था सुधारने के लिए कहा। इसके बाद आबूलेन का निरीक्षण करके वह आगे फैसला लेंगे। कैंट बोर्ड ने व्यापारियों की मांग पर डिवाइडर की ओर से पंद्रह फीट छोड़कर दुकानों के सामने लाइन खींचने की बात मान ली। शुक्रवार से यह काम शुरू किया जाएगा। बैठक में व्यापार संघ के नवीन गुप्ता, नगीन चंद जैन, सरदार नरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, आकाश खन्ना, बलजीत सिंह सहित अन्य व्यापार संघ के लोग रहे।

ये करनी है व्यवस्था

- दुकान के सामने तीन मिनट तक वाहन खड़े होंगे।

- सड़क पर अधिक समय तक खड़े वाहनों को व्यापार संघ के गार्ड हटाएंगे।

-डिवाइडर से लेकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखना।

आज से कैंट बोर्ड लगाएगा क्रेन

गुरुवार को सड़क पर खड़े कई ठेले को कैंट बोर्ड ने हटाया। शुक्रवार को तीन मिनट से अधिक समय तक खड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन लगाई जाएगी।

दास मोटर्स के पास चार पहिया वाहन नहीं

दास मोटर्स से आबूनाले तक बाईं साइड में केवल दो पहिया वाहन की पार्किंग है, लेकिन वहां चार पहिया वाहन भी खड़े हो रहे हैं। शुक्रवार से अगर वहां वाहन खड़े होंगे, तो उसे कैंट बोर्ड जब्त कर लेगा।

पूर्व में हटाया था नो पार्किंग जोन

आबूलेन में कैंट बोर्ड ने डिवाइडर बनाने के बाद शाम पांच बजे से नौ बजे तक बाजार में नो पार्किंग जोन बनाया था। दीपावली से पहले आबूलेन व्यापार संघ और जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए कैंट बोर्ड ने पंद्रह नवंबर तक के लिए नो पार्किंग जोन को खत्म कर दिया था। साथ ही कुछ शर्तों पर आबूलेन में वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी थी। इसके अलावा आगे मीटिंग करके व्यवस्था करनी थी। कैंट बोर्ड शिखर के आयोजन को लेकर पंद्रह नवंबर को व्यापारियों के साथ बैठक नहीं कर पाया। गुरुवार को लेकर इसे लेकर बैठक हुई, लेकिन अभी कोई नतीजा नहीं निकल पाया। अब 30 नवंबर को सीईओ आबूलेन का निरीक्षण करके आगे की कार्रवाई करेंगे।

chat bot
आपका साथी