पुलिस की कहानी और हकीकत अलग-अलग!

By Edited By: Publish:Wed, 23 Apr 2014 02:00 AM (IST) Updated:Wed, 23 Apr 2014 02:00 AM (IST)
पुलिस की कहानी और हकीकत अलग-अलग!

मेरठ : नेहा की पहचान के 48 घंटे बाद पुलिस कत्ल से पर्दा उठाने में कामयाब हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी के साथी को पकड़ भी लिया, लेकिन कहानी में बड़ा पेच है। कत्ल करने की असल वजह क्या रही? पुलिस वसीम को छोड़कर नेहा दूसरे युवक से प्रेम संबंध होना बता रही है, पर पर्दे के पीछे से हकीकत यह सामने आई है कि नेहा अब वसीम से निकाह करने की जिद कर रही थी। उसने निकाह करने से इन्कार कर दिया। पीछा छुड़ाने के लिए ही वसीम ने नेहा की हत्या कर दी।

नेहा हत्याकांड में आसिफ को गिरफ्तार कर पुलिस ने बताया कि नेहा अपने प्रेमी वसीम को छोड़कर सोतीगंज के किसी दूसरे युवक से प्रेम करने लगी थी। यही वसीम को नागवार गुजरा। पुलिस सूत्रों की मानें तो सच्चाई यह है कि नौ माह से प्रेम संबंध बनाने के बाद नेहा वसीम से निकाह करने की जिद कर रही थी, जबकि वसीम ने शादी करने से इन्कार कर दिया। नेहा लगातार पुलिस में शिकायत करने की धमकी दे रही थी। तभी वसीम ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान तैयार कर लिया था।

दस दिन में तैयार किया

कत्ल का खाका

मेरठ : नेहा की हत्या एक दिन का नतीजा नहीं है, बल्कि वसीम इलाही ने दस दिनों में पूरी प्लानिंग करने के बाद हत्या की थी। पकड़े गए आसिफ ने बताया कि शव को जिमखाना मैदान के पास डालने के लिए रेकी तक की थी। बाकायदा पूरे प्लान के साथ 17 अप्रैल को दोपहर बारह बजे कॉल कर नेहा को बुलाया गया। डेढ़ बजे नेहा बेगमपुल पर बस से उतरी। फिर उसे आबूलेन में मोतीमहल होटल में ले गए। होटल के अंदर वसीम, आसिफ और सुहेब ने उसे हवस का शिकार बनाया। रात को नौ बजे नेहा को लेकर तीनों जिमखाना मैदान पहुंचे, लेकिन वहां भीड़ देखकर इधर- उधर घूमते रहे। 11.20 पर लाइट जाने के बाद अंधेरा हुआ तभी एक्टिवा से उतारकर वसीम ने नेहा की छाती में पिस्टल से गोली मार दी और फरार हो गए।

लव स्टोरी से दि एंड तक

मेरठ : 210 भूड़भारत विजय नगर में नेहा वर्मा पुत्री बलराम रहती थी। नेहा की मां मधु का भी पति से 26 साल पहले तलाक हुआ था। नेहा परिवार की इकलौती थी। 2007 में नेहा की मुलाकात नंदग्राम के सर्राफ विपिन वर्मा से हुई। छह माह की मोहब्बत के बाद दोनों ने शादी कर ली। नेहा ने दो बच्चों खुशी और कार्तिक को जन्म दिया। कंप्यूटर की कोचिंग करने के दौरान किसी दूसरे युवक से बातें करने लगी। इसी को लेकर दांपत्य जीवन में दरार आ गई। दो साल से नेहा अपनी मां के पास रह रही थी। उसकी मुलाकात शॉपिंग मॉल में वसीम इलाही से हुई। दोनों नौ माह तक होटलों में आते जाते रहे और कई स्पॉट पर घूमे। तभी नेहा दूसरे युवक से इश्क करने लगी तो वसीम ने साथियों के साथ हत्या कर दी।

chat bot
आपका साथी